ट्रक ने जीप में मारी टक्कर, चार की मौत, दो घायल
बिहार के औरंगाबाद जिले में एक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं चार से अधिक घायल हो गये हैं।
पटना [टीम जागरण]। बिहार के औरंगाबाद जिले में मंगलवार की शाम एक बड़ी दुर्घटना हुई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल बताये जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, रफीगंज - शिवगंज मुख्य पथ पर खड़वा एवं काशी बिगहा गांव के बीच मंगलवार शाम ट्रक एवं जीप की आमने सामने हुई टक्कर में जीप पर सवार चार यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में दो यात्री घायल हो गए। मरने वालों में मठ पड़रिया गांव निवासी चंदन सिंह चंद्रवंशी (23 वर्ष), श्रीराम सिंह चंद्रवंशी (24 वर्ष), संजीत सिंह चंद्रवंशी (32 वर्ष) एवं कंचन सिंह चंद्रवंशी (33 वर्ष) शामिल हैं।
जीप पर सवार जयप्रकाश सिंह चंद्रवंशी घायल हो गए। घायल की स्थिति गंभीर बताई जाती है। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रफीगंज में प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है। जीप में सवार दीपक सिंह सुरक्षित बच गया है। इसे हल्की चोटे आई है।
दीपक ने बताया कि हम सभी जिला मुख्यालय में आयोजित चंद्रवंशी सम्मेलन में शामिल होने गए थे। सम्मेलन समाप्त होने के बाद घर लौटते समय खड़वा एवं काशी बिगहा के बीच रफीगंज की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतना जोरदार था कि पलक झपकते चार की मौत हो गई। हमें कुछ देर तक पता ही नहीं चल पाया। बेहोशी की अवस्था में हो गए। होश आने के बाद किसी तरह मैं गाड़ी से निकला। उसके बाद पुलिस को सूचना दी।
प्रभारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, पुअनी मो. अरमान घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने सभी मृतकों के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया है। रात्रि के कारण बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेजा जाएगा। टक्कर के बाद जीप का परखच्चा उड़ गया है।