वाहन से कुचलकर बच्चे की मौत, आक्रोशित लोगों पुलिस जीप में लगाई आग
बिहार के औरंगाबाद जिले में वाहन से कुचलकर एक बच्चे की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन में आग लगा दी। जमकर हंगामा किया।
औरंगाबाद [जेएनएन]। बिहार के औरंगाबाद जिले में सड़क हादसे में एक बच्चे की कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मौके पर पहुंची पुलिस के वाहन में आग लगा दी। माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जिले के नवीनगर थाना के तेतरिया-जपला मुख्य पथ पर दमड़ी बिगहा गांव के पास शनिवार शाम बालू लदे हाइवा से कुचलकर दमड़ी बिगहा गांव निवासी विनय कुमार सिंह के पुत्र ऋतिक कुमार (6 वर्ष) की मौत हो गई। बच्चे की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवा में आग लगा दिया।
घटना की सूचना पर नवीनगर थाना पुलिस पहुंची तो उग्र ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। पुलिस जीप में आग लगा दी एवं सैप जवान से राइफल छीन लिया। महिला पुलिसकर्मियों के साथ ग्रामीणों ने मारपीट की। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने भागकर जान बचाई। पुलिस टीम पर हमला की सूचना मुख्यालय को दी गई तो कई थानों के थानाध्यक्ष बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस यहां कैंप कर रही है।
उधर ग्रामीण सड़क जाम कर बैठ गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क भारी वाहन का परिचालन बंद हो। एसडीओ सुरेंद्र प्रसाद एवं एसडीपीओ पीएन साहू घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
नवीनगर सर्किल इंस्पेक्टर अनंत राम एवं थानाध्यक्ष विंध्याचल प्रसाद ने बताया कि ग्रामीणों के आक्रोश के कारण सड़क जाम हटाना मुश्किल हो रहा है। सैप जवान से छीने गए राइफल को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। हिंसा एवं आगजनी फैलाने वाले ग्रामीणों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बताया जाता है कि बालू लदा हाइवा तेज गति से आ रहा था। मुख्य सड़क पर बच्चे को कुचल दिया। घटनास्थल पर ही बच्चे की मौत हो गई जिस कारण उग्र ग्रामीणों ने हाइवा में आग लगा दिया। ग्रामीणों ने चालक की पिटाई की है। चालक अब भी ग्रामीणों के कब्जे में है। ग्रामीणों के आक्रोश के कारण पुलिस अधिकारी वहां नहीं जा पा रहे हैं। अंबा, नरारी कला, एनटीपीसी खैरा एवं नवीनगर थानाध्यक्ष पुलिस बलों के साथ कैंप किए हुए हैं।