क्वारंटाइन सेंटर में 'पड़ोसन' के गीत की धूम, वायरल वीडियो से सोशल मीडिया स्टार बना रसोइया
बिहार के एक क्वारंटाइन सेंटर में फिल्म पड़ोसन के गीत पर वहां के रसोइए के नृत्य की सोशल मीडिया पर धूम मची है। इसका वीडियो वायरल हो गया है। आप भी देखिए।
कटिहार, प्रवीण आनंद। बिहार के कटिहार जिले के बरारी के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सुजापुर) क्वारंटाइन सेंटर के रसोइया रिंकू सिंह रातों-रात सोशल मीडिया पर छा गया है। क्वारंटाइन सेंटर में फिल्म 'पड़ोसन' के मशहूर गीत 'एक चतुर नार, बड़ होशियार...' पर किए गए उनके नृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। अब क्वारंटाइन सेंटर पर हर शाम रिंकू सरोइए के साथ एक कलाकार भी है। तकरीबन 12 साल के वनवास के बाद उसके अंदर का कलाकार एक बार फिर जागृत हो उठा है। इसी के साथ उनका वह दर्द भी बेपर्द हो गया है, जिसने एक कलाकार को रसोईया बनने को मजबूर कर दिया है।
कभी रिंकू की नृत्यकला के कायल थे लोग
बरारी हाट निवासी भोला सिंह के 35 वर्षीय पुत्र रिंकू को गीत व नृत्य में किशोरावस्था से ही महारत हासिल थी। फिल्म देखना व फिर उसके लोकप्रिय गीतों व नृत्यों को हू-ब-हू उतारना उसकी हॉबी में शुमार हो गया था। घर में पिटाई के बावजूद यह सिलसिला जारी रहा। एक बार एक स्टेज पर किसी पेशेवर कलाकार की उसपर नजर पड़ गई और उसने रिंकू को ऑर्केस्ट्रा पार्टी में शामिल कर लिया।
रिंकू का नृत्य देखने के लिए यहां करें क्लिक
पिता की मौत के बाद जीवन में आया मोड़
लेकिन रिंकू के जीवन में यू-टर्न आया 12 वर्ष पूर्व पिता की मौत के साथ। कंधों पर परिवार संभालने की जिम्मेदारी आ गई। गायकी के मौसमी पेशे से घर चलाना मुश्किल हो गया। स्थिति यह हुई कि मां के साथ बहन व बहनोई के यहां शरण लेनी पड़ी। अभी भी रिंकू बहन के यहां ही रहता है।
जीवन के झंझावातों ने बना दिया रसोइया
लंबे समय तक अपना व मां के भरण-पोषण का भार बहन पर डालना नागवार लगने लगा। उसने आमदनी का कोई जरिया तलाशना शुरू कर दिया। उसे खाना बनाने में निपुणता थी। ऐसे में उसने बरारी हाट के ही सुशील के साथ मिलकर हलवाई का कार्य शुरू कर दिया। शादी सहित अन्य आयोजनों में वह भोजन बनाने लगा। उससे होने वाली आमदनी से घर चलाने लगा।
क्वारंटाइन सेंटर में किया नृत्य वायरल
कोरोना संक्रमण के कारण लॉकडाउन में शादी-विवाह बंद होने पर उसने क्वाराइंटाइन सेंटर में भोजन बनाने का काम ले लिया। इसी दौरान कुछ प्रवासियों ने उसे एकांत में गुनगुनाते सुन गाना सुनाने का दबाब डाला। रिंकू ने उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए आखिरकार अपने नृत्य का शानदार प्रदर्शन किया। फिर तो सिलसिला चल पड़ा। इसी दौरान कियी ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पोस्ट कर दिया, जो देखते-देखत वायरल हो गया।