बेगूसराय में अपराधी बेलगाम, शाम में हत्या के बाद रात में फाइनांस कर्मी को खदेड़कर मार दी गोली
बेगूसराय में कानून व्यवस्था सवालों के घेरे में है। यहां आए दिन आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। नगर थाना क्षेत्र में शाम में युवक की हत्या के बाद रात में नावकोठी थाना क्षेत्र में एक युवक को गोली मार दी गई।
घटना के संबंध में घायल युवक के स्वजन ने बताया कि शुक्रवार की शाम शिवम् अपनी मौसेरी बहन के ससुराल पवड़ा मंझौल गया था। मंझौल जाने के बाद उसे नावकोठी थाना क्षेत्र के ललन सिंह के पुत्र मुन्ना सिंह और एवं उसके एक रिश्तेदार बृजभान सिंह ने कॉल कर किसी काम से मंझौल बुलाया था। शिवम कुमार उनके कहने पर मंझौल पहुंचा। वहां किसी बात पर उन दोनों ने उसपर फायरिंग कर दी। एक गोली शिवम के हाथ को छेदती निकल गई। किसी तरह शिवक बाइक से भागने लगा। वे लोग शिवम का पीछा करते हुए फायरिंग कर रहे थे। एक गोली उसकी पीठ में भी लगी है। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
शाम में नगर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या
बता दें कि शुक्रवार की शाम नगर थाना क्षेत्र में ज्ञानभारती स्कूल के समीप आधा दर्जन अपराधियों ने एक युवक की हत्या कर दी। दूसरा युवक गोली लगने से घायल हो गया। मृतक बरौनी थाना क्षेत्र के मालती पिपरा निवासी मनोज सिंह का 22 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार उर्फ राजा था। घायल युवक हर्रख कोठी निवासी संतोष शर्मा का 20 वर्षीय पुत्र अंशुमन कुमार है। हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच 31 को जाम कर दिया। बताया गया कि अंकित को चार गोलियां लगी थीं। वहीं अंशुमन की पेट में एक गोली लगी है। गोली लगने के बाद अंशुमन भाग कर पास के एक अस्पताल में घुस गया। इससे उसकी जान बची। लोगों का कहना है कि सभी युवक एक साथ ही थे कि उनमें विवाद हो गया।