बिहार में अपराधियों का कहर: गर्भ में ही बच्चे को मार दी गोली, भीड़ ने पुलिस को पीटा
बिहार में बुधवार को कई बड़ी घटनाएं हुईं। लुटेरों ने गर्भ में ही बच्चे को गोली मार दी। आरा में भीड़ ने पुलिस को पीट डाला। सभी प्रमुख घटनाओं के बारे में जानने के लिए पढ़ें यह खबर।
पटना [जेएनएन]। बिहार में बुधवार को वारदातों की सुबह हुई। पूर्वी चंपारण में लुटेरों ने गर्भ में पल रहे बच्चे की गोली मारकर हत्या कर दी। गया में एक युवक की हत्या के बाद जनाक्रोश भड़क गया। बेगूसराय में अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार दी। उधर, आरा में झारखंड के नीरज सिंह हत्याकांड के एक आरोपित को पकड़ने गई पुलिस को भीड़ ने पीट डाला।
अजन्मे बच्चे की गोली मारकर हत्या
पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा से परिवार के साथ लौट रही एक गर्भवती युवती को लुटेरों ने गोली मार दी। घटना में गर्भ में पल रहा बच्चा मारा गया। युवती की हालत भी गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गया में हत्या के विरोध में उमड़ा जनाक्रोश
गया के वजीरगंज स्थित जमुआवां गांव में मंगलवार की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रामदेव मांझी को घात लगाए अपराधियों ने पीछे से गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों के एक समूह ने आरोपितों के घर को घेरकर सभी को पकड़ने का प्रयास किया। इस बीच दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने पूरी रात सड़क जाम रखा।
स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारी
बेगूसराय के सम्हार में बीती रात एक स्वर्ण व्यवसायी बुद्ध महतो की गोली मार दी। घटना के समय व्यवसायी अपनी बहन के घर से लौट रहे थे। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
आरा में पुलिस पर हमला
उधर, बीती रात पुलिस ने झारखंड के चर्चित नीरज सिंह हत्याकांड के आरोपित नंदलाल को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने आरा में छोपमेारी की। इस दौरान वहां स्थानीय लोगों ने जबरदस्त विरोध किया। भीड़ की पुलिस से मारपीट भी हो गई। घटना में एक एएसआइ सहित दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस बीच आरोपित नंदलाल भागने में सफल रहा।