बिहार में बेखौफ बदमाश: वैशाली में लोजपा नेता की हत्या, भोजपुर में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला
बिहार में क्राइम थमने का नाम ले रहा है। जिसे मन कर रहा वह घटना को अंजाम दे रहा है। आम-खास के साथ पुलिस वाले भी बदमाशों के निशाने पर आ रहे हैं। पढ़ें दिनभर के महत्वूपर्ण क्राइम।
पटना/ वैशाली/ भोजपुर, जेएनएन। बिहार में क्राइम थमने का नाम ले रहा है। जिसे मन कर रहा, वह घटना को अंजाम दे रहा है। आम जनता व नेता के साथ पुलिस वाले भी बदमाशों के निशाने पर आ रहे हैं। यहां तक कि पुलिसकर्मियों को पीटा जा रहा है। दारोगा का रिवॉल्वर चुरा लिया जा रहा है। यूं कहें कि बदमाशों पर से पुलिस का खौफ खत्म-सा हो गया है। गुरुवार का दिन इस मायने में कुछ ज्यादा ही खराब रहा है। पटना में जहां पुलिसकर्मियों को पीट दिया गया, वहीं पटना से सटे वैशाली में लोजपा नेता की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। इसी तरह, भोजपुर में भाजपा नेता की गाड़ी पर हमला कर दिया गया। और तो और, पटना में ही एक दारोगा का रिवाल्वर किसी ने चुरा लिया।
वैशाली में दिनदहाड़े लोजपा नेता की हत्या
वैशाली जेएनएन के अनुसार, वैशाली के कन्हौली विशनपरसी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष एवं लोजपा नेता मनीष कुमार सिंह की गुरुवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने हत्या की। आक्रोशित लोगों ने कन्हौली बाजार को बंद कर हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग को करीब छह घंटे तक जाम रखा। लगातार तीसरी बार पैक्स अध्यक्ष निर्वाचित होने के दिन ही राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण मनीष के घर पर हंगामा कर बम फेंके गए थे। तब पुलिस ने मामला शांत तो करा दिया था, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी थी।
गुरुवार की सुबह लगभग 10 बजे धूप में मनीष अपने घर के दरवाजे पर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। इसी दौरान एक अपाचे बाइक पर सवार तीन अपराधी उनके दरवाजे पर पहुंचे और उनके सिर, बांह एवं शरीर के अन्य हिस्से पर गोली दाग दी। गोली की आवाज सुनकर जब घर के लोग दौड़े तब तक सभी अपराधी बाइक पर सवार होकर भाग निकले। घर के लोग मनीष को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल महुआ ले गए जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन उनके ङ्क्षजदा होने की उम्मीद में सदर अस्पताल हाजीपुर ले गए। हालांकि, यहां भी जांच के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
भोजपुर में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, हंगामा
भोजपुर से जेएनएन के अनुसार, सहार थाना क्षेत्र अन्तर्गत खैरा बाजार के समीप गुरुवार की सुबह भाजपा नेता विजय राय पर असामाजिक तत्वों ने लाठी-डंडे से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में उनका वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। भाजपा नेता ने भाग कर अपनी जान बचाई। हमले से आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर गए और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर खैरा के समीप आरा-अरवल मुख्य मार्ग को जाम कर हंगामा किया। बाद में पुलिस प्रशासन के आश्वासन पर सड़क जाम हटा। इस मामले में स्थानीय थाना में पांच अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय राय करवासीन अपने चचेरे भाई सोनू कुमार राय के यहां गए हुए थे। सुबह करीब सात बजे वे वहां से वापस अपने गांव भट्ट बिगहा फॉच्र्यूनर गाड़ी से लौट रहे थे। इसी दौरान खैरा-करवासीन मोड़ पर घात लगाए अपराधियों ने लाठी-डंडे से गाड़ी पर प्रहार कर दिया गया। जिसमें गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान भाजपा नेता विजय राय, चालक विमलेश कुमार एवं सौरभ शर्मा ने गाड़ी समेत भाग का अपनी जान बचाई। घटना के बाद कुछ समय तक अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
पटना में पुलिस काे पीटा, रिवाल्वर चुराया
पटना से जेएनएन के अनुसार, पटना के पीरबहाेर थाना क्षेत्र के कृष्णा घाट पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब उचक्कों ने दो पुलिसकर्मियों को जमकर पीटा। दर्जन भर से अधिक उचक्के श्मसान घाट पर शव जलाने की रखी लकडि़यों से ही पुलिसकर्मियों को पीटने लगे। पुलिसकर्मियों ने उचक्कों को लड़की के साथ छेड़खानी करने से मना किया। इसी पर मनचले आक्रोशित हो गए और पुलिस को पीटने लगे। दोनों पुलिसकर्मियों को पीएमसीएच रेफर किया गया है। इतना ही नहीं, कदमकुआं थाना क्षेत्र के वैशाली गोलंबर के नजदीक गुरुवार की शाम विवाद सुलझाने गई पुलिस पर शोहदों ने हमला बोल दिया। उन्होंने पुलिस जवानों के साथ मारपीट की। बाद में स्थानीय लोगों के सहयोग से आरोपितों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों में पूर्व एमएलसी रमेश प्रसाद सिंह का पोता विराट गौरव और रिटायर्ड डीएसपी बृजकिशोर पासवान के बेटे अतुल प्रकाश व कुणाल प्रकाश समेत छह शामिल हैं। थानाध्यक्ष निशिकांत निशि ने बताया कि आधा दर्जन युवकों को पुलिस से मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सभी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। वहीं, तीसरी घटना में पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में एक दारोगा का रिवाल्वर किसी ने चुरा लिया। सदमे में दारोगा ही बेहोश हो गया। मामले की छानबीन की जा रही है।