Move to Jagran APP

बिहार में सात सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी CPI, कन्‍हैया की भी चल रही बात

भाकपा (सीपीआइ) के राज्‍य सचिव सत्‍यनारायण सिंह ने कहा है कि पार्टी बिहार की सात सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। उन्‍होंने और क्‍या कहा, जानिए इस खबर में।

By Amit AlokEdited By: Published: Tue, 04 Sep 2018 09:34 PM (IST)Updated: Wed, 05 Sep 2018 11:12 PM (IST)
बिहार में सात सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी CPI, कन्‍हैया की भी चल रही बात
बिहार में सात सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी CPI, कन्‍हैया की भी चल रही बात

पटना [राज्य ब्यूरो]। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा सात सीटों पर तैयारी आरंभ कर दी गई है। इन सीटों में बेगूसराय, मधुबनी, खगडिय़ा, बांका, मोतिहारी, गया व जमुई शामिल हैं। इसके पहले सत्‍यनारायण सिंह ने ही कहा था कि बेगूसराय सीट से जवाहर लाल यूनिवर्सिटी छात्र संघ के पूर्व अध्‍यक्ष कन्‍हैया कुमार को मैदान में उतारने को लेकर सहमति बन रही है।

loksabha election banner

पार्टी के राज्य सचिव सत्यनारायण सिंह ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा चुनाव वामदलों के साथ मिलकर लड़ेंगे और भाजपा को हराने के लिए महागठबंधन के साथ गठजोड़ करना पड़ा तो वह भी करेंगे। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी ने रणनीति साफ कर रखी है।

उन्होंने बताया कि बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र में भाकपा की मजबूत पकड़ है। पूर्व के चुनाव परिणाम की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 1962 से लेकर 1996 तक हर लोकसभा चुनाव में हमारी पार्टी चार से आठ सीटों पर जीतती रही है। वर्तमान बिहार के बेगूसराय, मधुबनी, मोतिहारी, पटना, जमुई, मुंगेर, जहानाबाद और बक्सर लोकसभा सीट पर भाकपा जीतती व हारती रही है। 1991 में आठ और 1996 में चार लोकसभा सीटों पर भाकपा चुनाव जीती थी।
कन्‍हैया को ले कही थी ये बात
विदित हो कि भाकपा के राज्य सचिव सत्यनारायण सिंह ने इसके दो दिन पहले बताया था कि कन्हैया कुमार बेगूसराय से चुनाव लड़ें, इसके लिए वामपंथी दलों के बीच पटना से दिल्ली तक एक राय बन चुकी है। कन्‍हैया को लेकर लालू प्रसाद यादव भी सहमत हैं, हालांकि अभी कोई औपचारिक बातचीत या घोषणा नहीं हुई है। चुनाव में कन्‍हैया को महागठबंधन के घटक दलों का भी समर्थन मिलगा।
कन्‍हैया ने कहा: फिलहाल कुछ भी तय नहीं
हालांकि, कन्‍हैया ने स्‍पष्‍ट किया है कि फिलहाल कुछ भी तय नहीं है। उनके अनुसार अगर पार्टी टिकट देती है तो वे चुनाव लड़ेंगे। लेकिन, अभी ऐसी कोई बात नहीं है।
देशद्रोह के आरोप में जमानत पर हैं कन्‍हैया
कन्‍हैया बिहार के बेगूसराय जिला स्थित बरौनी प्रखंड अंतर्गत बिहट पंचायत के रहने वाले हैं। जेएनयू स्टूडेंट्स यूनियन अध्यक्ष रहते हुए फरवरी 2016 में उनपर देशद्रोही नारेबाजी का आरोप लगा। उस मामल में वे गिरफ्तार किए गए थे। फिलहाल वे जमानत पर हैं। जमानत के बाद कन्हैया बिहार की राजनीति में सक्रिय हैं। वे लालू प्रसाद यादव व नीतीश कुमार से भी मिल चुके हैं।
बेगूसराय सीट पर भाजपा का कब्‍जा
बेगूसराय सीट, जिसपर कन्‍हैया के चुनाव लड़ने की चर्चा है, वामपंथियों के प्रभाव वाला माना जाता है। फिलहाल इस सीट से भारतीय जनता पार्टी के भोला सिंह सांसद हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्‍होंने राष्‍ट्रीय जनता दल के तनवीर हसन को करीब 58 हजार मतो से पराजित किया था। भारतीय कम्‍युनिष्‍ट पार्टी के राजेंद्र प्रसाद सिंह को तीसरा स्‍थान हासिल हुआ था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.