AK-47 और हैंड ग्रेनेड केस में अनंत सिंह की बढ़ी मुश्किलें, कोर्ट ने नहीं दी जमानत
बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बाढ़ कोर्ट ने एके47 और हैंड ग्रेनेड बरामदगी मामले में उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया है।
पटना, जेएनएन। घर से एके-47 (AK-47) बरामदगी मामले में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह (MLA Anant Singh) की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बेउर जेल में बंद अनंत सिंह को बाढ़ कोर्ट ने जमानत देने से इनकार कर दिया है। अनंत सिंह की तरफ से कोर्ट में जमानत याचिका दायर की गई थी जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया है।
अनंत सिंह के दो वकीलों ने की कोर्ट में जिरह
जानकारी के मुताबिक बाढ़ कोर्ट के एसीजीएम फर्स्ट ने अनंत सिंह के घर से एके 47 और हैंड ग्रेनेड की बरामदगी मामले में उनके वकीलों, रजनीश कुमार और मधुसुदन सिंह ने कोर्ट में जमानत याचिका मामले जिरह की, जिसमें बताया गया कि जहां से एके-47 हथियार बरामद किया है वो विधायक अनंत सिंह का पुश्तैनी मकान है और इस मकान से सटे ही उनके विरोधी विवेका पहलवान का भी मकान है। उनके घर में हथियार रखवाना विरोधियों की साजिश हो सकती है।
कोर्ट ने खारिज कर दी जमानत याचिका
लेकिन कोर्ट ने अनंत सिंह के वकीलों की इन दलीलों को सुनने के बाद अपना फैसला सुनाया और अनंत सिंह की जमानत याचिका खारिज कर दी। जानकारी के मुताबिक कोर्ट के इस फैसले के बाद अब अनंत सिंह के वकील सेशन कोर्ट जा सकते हैं। मालूम हो कि हथियार बरामदगी के बाद गिरफ्तारी के डर से अनंत सिंह फरार चल रहे थे और उसके बाद उन्होंने दिल्ली की कोर्ट में सरेंडर किया था, जिसके बाद उन्हें पटना लाया गया था। फिलहाल वो पटना के बेउर जेल में सजा काट रहे हैं।
अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी दोनों ने लगाया है ये आरोप
अनंत सिंह खुद और उनकी पत्नी नीलम देवी ने भी इस मामले में अपने पति को पूरी तरह से निर्दोष बताया है।उनके मुताबिक ये विरोधियों की साजिश है जिसके तहत सत्ता में शामिल कुछ लोगों ने अनंत सिंह को फंसाया है।
बता दें कि हाल ही में इस केस में न्याय की गुहार को लेकर अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह ने राज्यपाल से भी मुलाकात की थी और अपने पति की जान को खतरा बताया था। ये दोनों इसे जेडीयू सांसद ललन सिंह, बिहार सरकार के मंत्री नीरज सिंह और बाढ़ की पुलिस अधिकारी लिपि सिंह की साजिश बता रहे हैं।