का हो चाचा, ई का हो गेलई. . .रामकृपाल जीतल जाइत हव
पाटलिपुत्र से भाजपा प्रत्याशी रामकृपाल यादव ने राजद की मीसा को पटखनी दी।
पटना। पाटलिपुत्र से जहां भाजपा प्रत्याशी रामकृपाल यादव ने राजद की मीसा को पटखनी दी तो वहीं पटना साहिब से बीजेपी के रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा को धूल चटाई। बोरिग रोड स्थित एएन कॉलेज मतगणना केंद्र पर पाटलिपुत्र और पटना साहिब लोकसभा सीट के लिए गुरुवार को मतगणना का काम चल रहा था। काउंटिंग के दौरान बढ़त को लेकर मीसा और रामकृपाल के समर्थकों के चेहरे का हावभाव भी बदलता रहा। शुरू में मीसा अपने प्रतिद्वंद्वी रामकृपाल से बढ़त बनाई हुई थीं। लिहाजा राजद समर्थक मूंछों पर ताव देते हुए मतदान केंद्र के पास खूंटा गाड़े खड़ा थे। इसी बीच ढाई बजे सूचना मिली कि रामकृपाल मीसा से 1676 वोटों से आगे हो गए। यह सुन राजद समर्थकों के बीच थोड़ी हलचल मची। चूंकि शुरू से ही मीसा आगे चल रही थीं ऐसे में समर्थकों के लिए यह झटका-सा था। अब भाजपा कार्यकर्ता कुछ सुकून महसूस करने लगे। इतने में बीस मिनट बाद ही मतगणना केंद्र से बाहर यह खबर आई कि रामकृपाल की बढ़त घटकर 300 वोट हो गई है। यह सुनते ही राजद के कार्यकर्ताओं की बेचैनी थोड़ी कम हुई। दोनों पक्ष हार-जीत का विश्लेषण कर ही रहे थे कि फिर रामकृपाल 1672 वोट से आगे निकल गए। वहां मौजूद दोनों दलों के समर्थक इस सांप-सीढ़ी के खेल से परेशान होने लगे। इस बीच घड़ी में साढ़े चार बज चुके थे और रामकृपाल की बढ़त बढ़ती जा रही थी। अब उनकी बढ़त 34124 हो गई। इतना सुनते ही राजद खेमे में बेचैनी बढ़ गई। विवेकानंद पथ की तरफ से धोती-कुर्ता पहने और सिर पर मुरेठा बांधे पालीगंज के उमेश यादव हांफते हुए मतगणना केंद्र के सामने पहुंचे और वहां खड़े पालीगंज के ही दिनेश यादव की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि का हो चाचा, ई का हो गेलई। रामकृपलवा जीतल जाइत हव। ई कइसे हो गेलई। सब जगह तो वोट मीसे के पड़लई हल। इधर से चाचा ने जवाब दिया कि लगइत हई कि सच्चे इवीएमवे में कुछ गड़बड़ी हई। सभ्भे वोट तो मीसे के गेलई हल, फिर हार कइसे गेलई। मायूस राजद कार्यकर्ता हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ते हुए धीरे-धीरे वहां से खिसकने लगे। इधर, भाजपा कार्यकर्ता खुशी से थिरकने लगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप