CoronaVirus Vaccination Update: बिहार में अभी तक लक्ष्य से आधा टीकाकरण, बढ़ाए जा रहे केंद्र
Bihar CoronaVirus Vaccination Update बिहार में सात दिन में एक लाख से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को टीका दिया गया है जो इस दौरान के लक्ष्य का आधा ही है। अभियान को गति देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण की मियाद 10 फरवरी तक तय की है।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar CoronaVirus Vaccination Update बिहार में कोरोनावायरस टीकाकरण केंद्रों (CoronaVirus Vaccination Centers) की संख्या 300 से बढ़ाकर 400 तक की जाएगी। राज्य के पंजीकृत 5.62 लाख स्वास्थ्य कर्मियों (Health Workers) को हर हाल में 10 फरवरी तक अपना टीकाकरण (Vaccination) करा लेना होगा। यदि 10 फरवरी तक टीका नहीं लगाया तो आगे थोड़ी समस्या आ सकती है। अभियान को गति देने के लिए स्वास्थ्य विभाग (Department of Health) ने यह फैसला लिया है। जिलाधिकारियों और सिविल सर्जनों को यह छूट दी गई है कि वे अपनी सुविधा के अनुसार जिलों में सातों दिन टीकाकरण करा सकते हैं। पहले चरण के टीकाकरण अभियान में अभी तक लक्ष्य से आधा टीकाकरण ही हो सका है।
अभी तक लक्ष्य से आधा ही हुआ है टीकाकरण
राज्य स्वास्थ्य समिति सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जा रहा है। टीके के लिए 5.62 लाख स्वास्थ्य कर्मियों ने निबंधन कराया है। अब तक पहले दौर के सात दिन में एक लाख से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना से बचाव का टीका दिया गया है। जबकि, लक्ष्य करीब दो लाख का था। अभियान को गति देने और तय मियाद में स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण समाप्त करने के लिए स्वास्थ्य समिति ने 10 फरवरी तक की मियाद तय की है।
अब तीन सौ से बढ़ा कर चार सौ किए जाएंगे केंद्र
सूत्रों ने बताया कि जिलाधिकारियों और सिविल सर्जनों को यह छूट दी गई है कि वे जिलों में सातों दिन टीकाकरण करा सकते हैं। आवश्यकता पड़ने पर राज्य के तीन सौ टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाकर चार से साढ़े चार सौ तक करने की छूट भी दी गई है। राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक ने जिलाधिकारियों व सिविल सर्जनों के साथ वीडियो कांफ्रेंस कर कहा कि एक दिन में कम से कम 50 हजार स्वास्थ्यकर्मियों को टीका दिया जाए, ताकि 10 फरवरी तक हर हाल में पहले दौर का अभियान समाप्त हो सके।