CoronaVirus: बिहार में 909 कोरोना की आशंका वाले सर्विलांस पर, सर्वाधिक मामले गोपालगंज के
CoronaVirus बिहार में अबतक 909 लोग कोरोना संदिग्ध पाए गए हैं जिसमें से सर्वाधिक मामले गोपालगंज जिले के हैं। पिछले 24 घंटे में एक भी पॉजिटिव केस नहीं पाया गया है।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में कोरोना की आशंका वाले मामले बढ़ रहे हैं। मंगलवार की दोपहर तक कुल 909 लोगों को कोरोना के संदेश की वजह से सर्विलांस पर लिया गया है। इनमें सर्वाधिक मामले गोपालगंज के हैं। इस कड़ी में पटना दूसरे पायदान पर है। गोपालगंज से अबतक 172 और पटना से सौ लोगों को सर्विलांस पर लिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार के मुताबिक बिहार में कोरोना संक्रमित सिर्फ तीन व्यक्ति अब तक मिले हैं। जिनमें से मुंगेर में रहने वाले सैफ अली की मौत हो चुकी है। दो लोग का अस्पताल में इलाज चल रहा है प्रधान सचिव ने बताया कि आरएमआरआइ पटना को सोमवार तक 194 कोरोना संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे जिनमें से 192 रिपोर्ट अब तक मिल चुकी है। तीन पुराने मामलों को छोड़ कोई नया पोजेटिव केस नहीं मिला है 189 निगेटिव आई हैं।
इधर आरएमआरआइ की ओर से आधिकारिक जानकारी में बताया गया कि आज स्वास्थ्य विभाग की ओर से 81 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं जिनकी जांच शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने आधिकारिक तौर पर जानकारी दी कि राज्य में 24 मार्च तक कुल 909 लोगों को कोरना की आशंका में सर्विलांस पर लिया गया है गोपालगंज से सर्वाधिक 172 और पटना से 100 लोग सर्विलांस पर लिए गए हैं यह सभी लोग फिलहाल आइसोलेशन में हैं।
पहली बार गया एयरपोर्ट पर मिले 6 संदिग्ध, क्वारन्टीन में भेजे गए
राज्य ब्यूरो, पटना : बिहार में कोरोना की आशंका वाले बढ़ते मामलों के बीच मंगलवार को गया एयरपोर्ट से 6 कोरोना संदिग्ध मिले हैं। जिन्हें क्वारन्टीन के लिए भेजा गया है। गया एयरपोर्ट पर जनवरी 15 के बाद से ही आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच की जा रही है। पहली बार यहां से संदिग्ध मिले हैं।
जिलावार सर्विलांस पर लिए गए संदिग्ध :
अररिया 2, सीतामढ़ी 7, सहरसा 57, भागलपुर 36, सुपौल 2, मधुबनी 63, मधेपुरा 9, भोजपुर 21, गया 55, सिवान 42, पू. चंपारण, 26, प.चंपारण 74 किशनगंज 19, मुजफ्फरपुर 15, रोहतास 10 समस्तीपुर 48, वैशाली 6, दरभंगा 28, पूर्णिया 1, कटिहार 3, नवादा 9, बेगूसराय 7, नालंदा 44, बक्सर 4, मुंगेर 12, अरवल 1, जहानाबाद 8, बांका 2, कैमूर 11