CoronaVirus Bihar Update: पूर्व मंत्री अब्दुलबारी सिद्दिकी भी संक्रमित, एक दिन में 1498 नए मामले
राज्य के पूर्व मंत्री और राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी के साथ बिहार में 1498 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। साथ ही दस लोगों की मौत भी हो गई।
पटना, जेएनएन। बिहार मे कोरोना का ग्राफ तेजी से नीचे आने लगा है। पिछले तीन दिन में प्रदेश में कोरोना के 4.28 लाख टेस्ट किए गए। इसमें 1.02 फीसद यानी कुल 4371 पॉजिटिव मिले हैं। राज्य में अब तक 44.50 लाख से ज्यादा कोविड टेस्ट हो चुके हैं। जिसमें 1.52 लाख से ज्यादा नतीजे पॉजिटिव आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को अपने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आज 1.22 लाख टेस्ट किए गए जिसमें कुल 1498 संक्रमित मिले।
सिद्दिकी एम्स पटना में भर्ती
राज्य के पूर्व मंत्री और राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। सिद्दिकी को इलाज के लिए एम्स पटना में भर्ती कराया गया है। आज पटना और सहरसा से सर्वाधिक संक्रमित मिले। पटना से 203 जबकि सहरसा से 111 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शेष जिलों से मिलने वाले संक्रमितों की संख्या नौ से 63 तक है।
कोरोना मीटर : 9 सितंबर- 2020
कुल केस / 24 घंटे में -152192/1498
कुल सक्रिय / 24 घंटे में - 15625/-214
कुल स्वस्थ /24 घंटे में -135791/1702
कुल मृत्यु /24 घंटे में - 775/10
कुल टेस्ट /24 घंटे में -4450714/122121
अब तक 1.52 लाख संक्रमितों में 1.35 लाख स्वस्थ
स्वास्थ्य विभाग की मानें तो कोरोना से स्वस्थ मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अब तक मिले 1.52 लाख संक्रमितों में से अब तक 1.35 लाख से ज्यादा मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिसके बाद राज्य में एक्टिव केस की संख्या 15625 रह गई है। राज्य में कोरोना से रिकवरी दर 89.22 हो गई है।
एक दिन में दस लोगों की कोरोना वायरस से मौत
बुधवार को कोरोना के संक्रमण से और 10 लोगों की मौत हुई है। आज सबसे ज्यादा पांच मौत पूर्वी चंपारण में हुईं। इसके अलावा मधेपुरा में दो, बक्सर, गया और समस्तीपुर में एक-एक की मौत हुई है। अब तक कोरोना की वजह से 775 लोगों की जान गई है।