CoronaVirus Bihar: बिहार में डॉक्टर को कोरोना, 10 नए मामलों के साथ 96 पहुंचा आंकड़ा
CoronaVirus Bihar बिहार के नालंदा में एक डॉक्टर समेत चार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बक्सर में कोरोना के दो और भोजपुर में एक मामले मिले हैं। राज्य में आंकड़ा 96 हो गया है।
पटना, जागरण टीम। CoronaVirus Bihar Update: बिहार में रविवार को 10 और कोरोना पॉजिटिव केस मिले। खास बात यह है कि नालंदा जिले के बिहारशरीफ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदास्थापित डॉक्टर समेत चार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बिहार में किसी डॉक्टर के कोरोना संक्रमित होने का यह पहला मामला है। वैसे, संक्रमित डॉक्टर दुबई से लौटे कोरोना संक्रमित युवक के रिश्तेदार हैं। उधर, मुंगेर में तीन तथा बक्सर में भी दो नए कोरोना मरीज मिले हैं। रविवार को भोजपुर में भी पहला मरीज मिला।
इसके साथ बिहार में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 96 हो गया है। इनमें दो की मौत हो चुकी है। हालांकि, इलाज से स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा भी राहत देने वाला है। अभी के 42 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
नालंदा के डीएम-एसपी व सीएस सहित ढाई दर्जन अफसरों क्वारंटाइन
नालंदा में बिहारशरीफ सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉक्टर के पॉजिटिव मिलते ही जिला व पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई है। डॉक्टर डीएम-एसपी के साथ बैठक में शामिल हुए थे। कई वरीय पदाधिकारी भी थे। स्वास्थ्य प्रबंधक हेमंत कुमार ने बताया कि डीएम, एसपी, सीएस समेत जिले के 30 पदाधिकारियों के जांच सैंपल लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने तक सभी होम क्वारंटाइन रहेंगे। बीडीओ, सीओ, सदर अस्पताल के डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी आदि के भी सैंपल लिए गए हैं।
दुबई से आए युवक के संपर्क में रहे थे नालंदा के कोरोना पॉजिटिव
जिले में डॉक्टर सहित अन्य तीन लोग पॉजिटिव मिले हैं। शेष तीन की उम्र 12, 18 व 22 वर्ष है। तीनों बिहारशरीफ के शेखाना मोहल्ले के रहने वाले हैं। डॉक्टर सहित चारों संक्रमित दुबई से आए युवक के सम्पर्क में रहे थे।
डॉक्टर के संपर्क में आए लोगों की पड़ताल शुरू
डॉक्टर कां संक्रमण दुबई से बीते 22 मार्च को लौटे रिश्तेदार कोरोना पॉजिटिव युवक से लगा है। डॉक्टर 11 अप्रैल को उसके सम्पर्क में आए थे। संक्रमित डॉक्टर बिहारशरीफ सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी हैं। यह पीएचसी बिहारशरीफ सदर अस्पताल के प्रांगण में ही है। अब 11 अप्रैल को संक्रमण के बाद से अभी तक डॉक्टर के संपर्क में आए तमाम लोगों का पता लगाया जा रहा है। डॉक्टर के साथ तीन और मिले पॉजिटिव में दुबई के संक्रमित के संपर्क में आए थे।
बक्सर में भी मिले कोरोना के दो नए मामले
रविवार को मिले कोरोना के नए मरीजों में बक्सर के दो मामले भी शामिल हैं। बक्सर के एक युवक व एक युवती को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वे आसनसोल से आए कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में रहे थे। इसके साथ अब बक्सर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या चार हो गई है।
बक्सर के मामले का मिला जमाती कनेक्शन
बक्सर के दोनों संक्रमित उसी परिवार से हैं, जिसमें एक व्यक्ति दो दिन पहले पॉजिटिव मिला था। वे आसनसोल में जमात के कार्यक्रम से लौटकर 14 दिनों तक प्रसाशन को बिना जानकारी दिए घर में रहे थे और नया भोजपुर में लोगों से मिलते-जुलते रहे थे। डीएम अमन समीर ने बताया कि उनके संपर्क के 61 लोगों को क्वारंटाइन करते हुए सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। उनमें दो के रिजल्ट पॉजिटिव मिले हैं।
भोजपुर में मिला पहला पॉजिटिव
अभी तक कोरोना वायरस की चपेट से दूर भोजपुर में भी संक्रमित मरीज मिल गया है। रविवार को भोजपुर के मरीज ने कोरोना वायरस की बिहार में चेन बढ़ा दी है। जिले में कोरोना पॉजिटिव पहला मरीज मिला है। 25 वर्षीय पीड़ित बड़हरा प्रखंड का रहने वाला बताया जाता है। सूचना मिलने पर सिविल सर्जन की टीम जांच जुट गई है। बताया जाता है कि पॉजिटिव युवक उत्तर प्रदेश से आया था।
मुंगेर में भी मिले तीन नए मरीज, 20 पहुंचा आंकड़ा
उधर, मुंगेर एक बार फिर बिहार का बड़ा कोरोना हॉट-स्पॉट बन गया है। रविवार देर रात यहां के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। उनका जमालपुर के कोरोना पॉजिटिव मरीज से संपर्क रहा था। इसके साथ मुंगेर में कोरोना पॉजिटव मरीजों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है, जो सिवान के बाद राज्य में सर्वाधिक है।
पटना में सैनिटाइज किया गया मरीज का इलाका
ताजा मिले मामलों के पहले शनिवार को पटना की एक 32 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव मिली थी। पटना के खाजपुरा मोहल्ले की उस महिला का इलाज पटना के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में चल रहा है। उसका पति एटीएम कैशवैन का चालक है। उसे कहां से संक्रमण लगा, इसका पता अभी तक नहीं लग सका है। इसके बाद मरीज के घर के तीन किमी के दायरे को सील कर सैनिटाइज किया गया है। उसके सपर्क में आए लोगो की शिनाख्त कर जांच की प्रक्रिया जारी है।
शुक्रवार भी को मिले थे दो नए मरीज
शुक्रवार को भी दो कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे। उनमें एक नालंदा के बिहारशरीफ का है। 17 साल का किशोर पहले मिले एक कोरोना पॉजिटिव मरीज का भतीजा है। इसके अलावा बेगूसराय के एक 42 साल के पुरुष की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली थी।
सिवान व मुंगेर में सर्वाधिक संक्रमण
जिलावार मरीजों की बात करें तो सर्वाधिक 29 मरीज सिवान में मिले हैं। मुंगेर में 20, नालंदा में 11 तथा बेगूसराय में नौ मामले मिले हैं। पटना में कोरोना के कुल सात तो गया में पांच मरीज मिले हैं। गोपालगंज में तीन, नवादा में तीन, बक्सर में चार तथा सारण, लखीसराय, भागलपुर, भोजपुर व वैशाली में एक-एक कोरोना पॉजिटिव मामले मिले हैं।