बिहार में शराबबंदी कानून की समीक्षा चाहती है कांग्रेस, सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग
बिहार कांग्रेस ने सर्वदलीय बैठक कर शराबबंदी कानून की समीक्षा की मांग प्रदेश सरकार से की है। प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा के बाद अब पार्टी के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा है कि शराबबंदी कानून बेहतर निर्णय है लेकिन इसकी समीक्षा होनी चाहिए।
राज्य ब्यूरो, पटना : बिहार कांग्रेस ने सर्वदलीय बैठक कर शराबबंदी कानून की समीक्षा की मांग प्रदेश सरकार से की है। प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा के बाद अब पार्टी के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा है कि शराबबंदी कानून बेहतर निर्णय है, लेकिन इसकी समीक्षा होनी चाहिए। डॉ. झा कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस के मौके पर सोमवार को मीडिया से बात कर रहे थे।
डॉ. झा ने कहा कि शराबबंदी कानून की खामियों की वजह से जो नतीजे आने चाहिए, वे नहीं आ रहे हैं। अब आवश्यक है कि सरकार इस कानून की समीक्षा करे और यदि कानून में कहीं कमियां हैं तो उन्हें दूर किया जाए। उन्होंने मांग की कि सरकार शराबबंदी कानून की समीक्षा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाए। डॉ. झा ने इस दौरान किसान आंदोलन और पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार की जा रही वृद्धि को लेकर केंद्र और सरकार पर भी हमले किए।
इससे पहले बिहार कांग्रेस मुख्यालय (सदाकत आश्रम) में डॉ. झा के नेतृत्व में पार्टी का 136वां और सेवा दल का 98वां दल दिवस मनाया गया। डॉ. झा ने नेताओं-कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत रखने की शपथ दिलाई। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने तिरंगा लेकर सड़कों पर मार्च भी किया।