मिशन 2019: कांग्रेस ने महागठबंधन में मांगी 15 सीटें, चाहिए RJD के बराबर हिस्सेदारी
लोकसभा चुनाव में राजग के भाजपा-जदयू की तर्ज पर महागठबंधन में भी कांग्रेस ने राजद से फिफ्टी-फिफ्टी सीटों की दावेदारी की है। पूरा मामला जानिए इस खबर में।
पटना [राज्य ब्यूरो]। महागठबंधन के घटक दलों के प्रमुख नेताओं ने सीट बंटवारे को लेकर जो बैठक की, उसकी बातें अब धीरे-धीरे छनकर बाहर आने लगी हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आवास पर हुई इस बैठक में सभी दलों ने अपने-अपने आकलन का प्रस्ताव दिया। जदयू-भाजपा की तर्ज पर कांग्रेस ने भी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से बराबर की हिस्सेदारी मांगी। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा), हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) की ओर से भी दावेदारी पेश की गई।
कांग्रेस को चाहिए 15 सीटें
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने 15 सीटों पर लडऩे का प्रस्ताव दिया है। हम और रालोसपा की ओर से सात-सात सीटों की मांग है। मुकेश सहनी ने भी दो सीटों पर दावा जताया है। महागठबंधन के सबसे बड़े घटक दल राजद ने 20 सीटों पर दावा जताया।
बैठक में नहीं थे वाम दलों के प्रतिनिधि
ऐसे में वामदलों के लिए कोई जगह बचती नहीं दिख रही है। बैठक में तीन वामदलों में से किसी का प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ। माना जा रहा है कि घटक दल के आपसी बंटवारे के बाद बची सीटों को वामदलों को देने की पेशकश की जाएगी।
बैठक में राजद की ओर से तेजस्वी यादव, जगदानंद सिंह, शिवानंद तिवारी, अब्दुल बारी सिद्दीकी, कांग्र्रेस की ओर से शक्ति सिंह गोहिल, डॉ. मदन मोहन झा, हम प्रमुख जीतन राम मांझी, रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा एवं वीआइपी के मुकेश सहनी शामिल हुए।
सीट बंटवारा था बैठक का एजेंडा
बैठक के बाद रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने स्वीकार किया कि बैठक का एजेंडा सीट बंटवारा था, लेकिन चर्चा सिर्फ बिहार की सभी 40 सीटों को जीतने की तरकीब पर हुई। कुशवाहा ने यह भी साफ किया कि खरमास के बाद सीटों का एलान कर दिया जाएगा। कुशवाहा ने बताया कि बाहुबली विधायक अनंत सिंह को कांग्रेस से टिकट देने के मुद्दे पर कोई बात नहीं हुई है।
15 जनवरी के बाद होगा खुलासा
सूत्रों के मुताबिक महागठबंधन के सामने सभी दलों की दावेदारी के अनुपात में सीट बंटवारे की बड़ी चुनौती है। सभी को राजद प्रमुख लालू प्रसाद को जमानत पर रिहा होने का इंतजार है। उनकी जमानत पर सुनवाई शुक्रवार को होनी है। लालू अगर रिहा हो जाते हैं तो 15 जनवरी को सीटों का खुलासा कर दिया जाएगा।