बिहार: 10 सितंबर को कांग्रेस का भारत बंद, तेजस्वी से मिले कौकब कादरी
कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ 10 सितंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। राबड़ी आवास पर कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने तेजस्वी यादव से मुलाकात की।
पटना [जेएनएन]। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने सोमवार यानी 10 सितंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। बंद को सफल बनाने को लेकर बिहार कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है और इसी क्रम में, बिहार कांग्रेस के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी ने शनिवार को आरजेडी नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात की।
वहीं, रविवार को पटना के सदाकत आश्रम में महागठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। इसमें आरजेडी, हम और लेफ्ट पार्टियों के नेता मौजूद रहेंगे। बता दें कि सबने बंद का समर्थन किया है और बंद के दौरान साथ में सड़कों पर उतरने की बात कही है।
कांग्रेस के इस बंद को राजद और वामदलों ने भी अपना समर्थन देने की बात कही है। बंद सुबह नौ बजे से शाम तीन बजे तक के लिए बुलाया गया है।
इस दौरान कांग्रेस के सभी राज्यों के मुख्यालयों, जिला मुख्यालयों और पेट्रोल पंपों पर प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस की मांग है कि सरकार पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के अंदर लाए जिससे इनकी बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाई जा सके।
कांग्रेस के भारत बंद पर राजद ने समर्थन देने की बात कही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने कहा कि कांग्रेस के बंद में राजद का समर्थन रहेगा। उन्होंने कहा कि बंद में राजद नेता भी सड़क पर उतरेंगे। वहीं बंद के समर्थन में सीपीआइ, सीपीएम, सीपीआइएमएल नेता भी शामिल होंगे।
महंगाई और पेट्रोल - डीजल की बढ़ती कीमत को लेकर कांग्रेस पार्टी ने 10 सितंबर को भारत बंद का ऐलान किया है और इसका निर्णय कांग्रेस आला कमिटी ने लिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत, रणदीप सुरजेवाला और कई नेताओं ने दिल्ली के अकबर रोड कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान दी है।