बिहारः जीतनराम मांझी ने दी राजद सु्प्रीमो लालू प्रसाद और राबड़ी देवी को बधाई, बोले-आप हमेशा रहें खुशहाल
जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू यादव सुर्खियों में हैं। मंगलवार को लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की शादी की सालगिरह है। ऐसे में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
जागरण टीम, पटना। दुमका कोषागार से अवैध निकासी के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू यादव सुर्खियों में हैं। ट्विटर पर उन्होंने नीतीश सरकार पर जंग छेड़ रखी है। इसमें उन्हें इसबार बेटी रोहिणी आचार्या का भी खूब साथ मिल रहा है। विपक्षी भी लालू पर कटाक्ष करने से नहीं चूक रहे हैं। मंगलवार को लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की शादी की सालगिरह है। ऐसे में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
राजद सुप्रिमो @laluprasadrjd जी और पूर्व मुख्यमंत्री @RabriDeviRJD जी को शादी की 48 वीं सालगिरह की शुभकामनाएँ।
आप हमेशा स्वास्थ्य और खुशहाल रहकर जनता की सेवा करे ईश्वर से यही कामना है।— Jitan Ram Manjhi (@jitanrmanjhi) June 1, 2021
48वीं सालगिरह की शुभकामनाएं
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने मंगलवार को लालू और राबड़ी देवी की शादी के 48 वर्ष पूरे होने पर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि राजद सुप्रीमो लालू यादव और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी जी को शादी की 48वीं सालगिरह की शुभकामनाएं। आप हमेशा स्वास्थ्य और खुशहाल रहकर जनता की सेवा करें ईश्वर से यही कामना है।
नीतीश सरकार पर हमले जारी
इधर, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) लालू यादव का नीतीश सरकार पर हमला जारी है। मंगलवार को उन्होंने सहरसा के रेफरल अस्पताल की एक फोटो पर प्रतिक्रिया दी। लिखा कि करीब 14 करोड़ की लागत से बने इस रेफरल अस्पताल का 1995 में हमने उद्घाटन किया था ताकि पूर्वी और पश्चिमी तटबंध के अंदर बसे लाखों लोगों को इलाज उपलब्ध कराया जा सके लेकिन संकीर्ण और नकारात्मक मानसिकता के धनी ने बकी हजारों स्वास्थ्य केंद्रों की तरह इसे भी जमीनदोज कर दिया। इसके साथ ही राजद विधायक तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव भी सरकार पर कटाक्ष कर रहे हैं। वहीं बेटी रोहिणी आचार्या लालू परिवार की ओर से ट्विटर पर सबसे अधिक एक्टिव हैं।