Move to Jagran APP

सिलेंडर खुद बता देगा कि गैस अब खत्म होने वाली है, बिहार के लोगों को करना होगा थोड़ा इंतजार

वैसे तो फिलहाल रसोई गैस की कोई दिक्कत नहीं है लेकिन किस दिन सिलेंडर खाली हो जाएगा इसकी चिंता सबको सताती रहती है। हालांकि अब इससे मुक्ति मिलने वाली है। रसोई गैस खत्म होने से पहले ही इसकी जानकारी आपको मिल जाएगी।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Published: Sat, 07 Aug 2021 06:40 AM (IST)Updated: Sat, 07 Aug 2021 06:40 AM (IST)
बिहार के लोगों को मिलेगा नए किस्‍म का एलपीजी सिलेंडर। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

पटना, दिलीप ओझा। वैसे तो फिलहाल रसोई गैस की कोई दिक्कत नहीं है लेकिन किस दिन सिलेंडर खाली हो जाएगा, इसकी चिंता सबको सताती रहती है। हालांकि अब इससे मुक्ति मिलने वाली है। रसोई गैस खत्म होने से पहले ही इसकी जानकारी आपको मिल जाएगी। स्मार्ट कंपोजिट सिलेंडर ही रसोई गैस की मात्रा बता देगा क्योंकि इसका डिजाइन पारदर्शी होगा। हालांकि इसके लिए अभी आपको थोड़ा इंतजार करना होगा। यह नए किस्‍म का गैस सिलेंडर कई मायनों में खास होगा। यह काफी हल्‍का होगा और देखने में मौजूदा सिलेंडर से काफी खूबसूरत भी होगा। इससे घिसकर फर्श के खराब होने का डर भी नहीं रहेगा। आपके किचन की शोभा बढ़ाने के लिए स्मार्ट सिलेंडर आने वाला है। इसका नाम इंडेन कंपोजिट सिलेंडर है। छह दशक के लंबे इंतजार के बाद यह सिलेंडर आपके घर पहुंचने वाला है। भारत में यह लांच हो चुका है। 

loksabha election banner

सिलेंडर की खासियत, वजन लगभग आधा

यह वजन में हल्का है। वर्तमान सिलेंडर की तुलना में इसका वजन 50 फीसद कम होगा। वर्तमान सिलेंडर का वजन 15 किलो है और इसमें 14.2 किलो रसोई गैस रहती है। इसका उपयोग भी अपेक्षाकृत आसान होगा। इसका डिजाइन पारदर्शी बनाया गया है। यह एलपीजी के लेवल को दर्शाता है। इसी वजह से बाहर से ही यह जानकारी मिल जाती है कि कितनी गैस खर्च हुई है और कितनी बची हुई है। इसे देखकर आप आप अगले सिलेंडर की बुकिंग करा सकेंगे और रसोई गैस खत्म होने से पहले ही नया सिलेंडर मंगा सकेंगे। इसका डिजाइन भी खूबसूरत है। इससे आपका रसोईघर आकर्षक दिखाई देगा। कंपोजिट सिलेंडर पांच किलो और दस किलो की क्षमता में उपलब्ध होगा। इस सिलेंडर से फर्श पर किसी तरह का दाग-धब्बा भी नहीं लग सकेगा। यह सिलेंडर फटेगा नहीं। वजह यह कि यह पालीमर रैप्ड फाइबर ग्लास के कंपोजिट से तैयार किया गया है। साथ ही एचडीपीई आउटर जैकेट से फिट किया हुआ है।  

अलग से देनी होगी सिक्योरिटी मनी

10 किलो वाले कंपोजिट सिलेंडर के लिए 3350 रुपये की सिक्योरिटी मनी देनी होगी। इसी तरह से पांच किलो क्षमता वाले सिलेंडर के लिए 2150 रुपये की सिक्योरिटी मनी का भुगतान करना होगा। पुराने ग्राहक जिनकी सिक्योरिटी मनी पूर्व से ही जमा है, उस राशि को नई सिक्योरिटी मनी में से घटाकर लिया जाएगा। बिहार एलपीजी वितरक संघ के महासचिव डा. रामनरेश सिन्हा ने बताया कि इंडेन कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर खासतौर से भारतीय रसोई गैस की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाया गया है। चरणबद्ध ढंग से यह बिहार सहित सभी राज्यों में उपलब्ध होगा। इंडियन आयल कारपोरेशन (आइओसी) की चीफ मैनेजर (समन्वय एवं विकास, बिहार-झारखंड) वीणा कुमारी का कहना है कि इंडेन कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर भारत में लांच हुआ है। बिहार में अभी यह नहीं आया है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.