Delhi Violence को लेकर गीतकार जावेद अख्तर के खिलाफ बिहार में मुकदमा, सुनवाई 25 मार्च को
Delhi Violence को लेकर गीतकार जावेद अख्तर के खिलाफ बिहार में परिवाद दर्ज किया गया है। यह परिवाद बेगूसराय में दर्ज किया गया है। इसकी सुनवाई 25 मार्च को होगी।
बेगूसराय, जेएनएन। दिल्ली हिंसा (Delhi Violence) को लेकर देश के प्रसिद्ध गीतकार जावेद अख्तर के खिलाफ बिहार में परिवाद दर्ज किया गया है। यह परिवाद बेगूसराय में दर्ज किया गया है। इसकी सुनवाई 25 मार्च को होगी। दर्ज परिवाद में गीतकार जावेद अख्तर दिल्ली हिंसा को लेकर विवादित बयान देने का आरोप लगाया गया है। बता दें कि 24 फरवरी को अचानक दिल्ली में हिंसा फैल गई थी। इसमें अब 40 से अधिक लोगों की जानें चली गई हैं।
गौरतलब है कि दिल्ली हिंसा को लेकर अाप पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन (Tahir Hussain) के घर को पुलिस ने सील कर दिया है। इसे लेकर जावेद अख्तर (Javed Akhtar) ने ताहिर के समर्थन में बयान दिया था। वे एक बयान में ताहिर हुसैन के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। इसके बाद जावेद अख्तर लोगों के निशाने पर आ गए। उनका बयान भी सोशल मीडिया पर ट्रोल होने लगा। अब बिहार के बेगूसराय के सीजेएम कोर्ट में परिवाद दर्ज कराया गया है। इसकी अगली सुनवाई 25 मार्च को होगी।
बता दें कि जावेद अख्तर ने दिल्ली पुलिस पर लिखा था कि कई मारे गए, कई सारे घायल हुए, कई घर जला दिये गये, कई दुकानें लूटी गयीं। कई लोगों को नुकसान हुआ, लेकिन पुलिस ने केवल एक घर सील किया और उसके मालिक को ढूंढ रही है। संयोगवश उसका नाम ताहिर हुसैन है, दिल्ली पुलिस की कंसिस्टेंसी को सलाम है। इसके बाद जावेद अख्तर का यह विवादित बयान सोशल मीडिया पर ट्रोल करने लगा था। यहां तक कि सियासी गलियारे में भी जावेद को लोग निशाना बनाने लगे थे।