रंग लाई राहुल गांधी की पहल! अब उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के साथ नीतीश
राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के साथ हैं। बताया जाता है कि इसके पीछे राहुल गांधी की पहल है।
पटना [जेएनएन]। राष्ट्रपति चुनाव में महागठबंधन से अलग स्टैंड लेने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति चुनाव में महागठबंधन के साथ हैं। जदयू ने उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के प्रत्याशी को समर्थन देने की घोषणा की है। कहा जा रहा है कि इसके पीछे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की पहल है।
बताया जाता है कि राहुल गांधी ने बिहार में जारी महागठबंधन की खींचतान को गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस बाबत बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी से बात की है। कांगेस के प्रदेश स्तरीय नेताओं को नीतीश कुमार के खिलाफ बयानबाजी से बचने की हिदायत दी गई है।
सूत्र बताते हैं कि राहुल गांधी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बात कर मतभेदों को दूर करने के हिमायती हैं। वे नीतीश से राष्ट्रीय स्तर पर बड़े महागठबंधन पर भी चर्चा करने जा रहे हैं। इसमें नीतीश कुमार को बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
बताया जाता है कि राहुल ने नीतीश कुमार को सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में एक बताया है। वे भाजपा को रोकने में नीतीश के महत्व को भी अहम मानते हैं। इसे देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को जदयू के समर्थन को तूल देना नहीं चाहता।
यह भी पढ़ें: गुलाम नबी आजाद ने लिया यू टर्न, कहा- हमसे हुई थी गलती, नीतीश हैं हमारे साथ
कांग्रेस नेतृत्व के इस संदेश को देखते हुए जदयू ने भी उपराष्ट्रपति चुनाव में उसका साथ देने की घोषणा कर दी है। पार्टी राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने बताया कि उपराष्ट्रपति चुनाव में जदयू विपक्ष के साथ है। त्यागी के अनुसार राष्ट्रपति चुनाव में रामनाथ कोविंद काे समर्थन अलग मुद्दा है।
यह भी पढ़ें: मीरा कुमार के आने से पहले राजगीर पहुंचे सीएम नीतीश