Move to Jagran APP

शिक्षा दिवस समारोह में बोले CM नीतीश, नई पीढ़ी की समझ से ही बदलेगा समाज

पटना में रविवार को शिक्षा दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इसमें वैज्ञानिक मानस बिहारी वर्मा को सम्‍मानित किया गया।

By Amit AlokEdited By: Published: Sun, 11 Nov 2018 09:49 PM (IST)Updated: Sun, 11 Nov 2018 09:49 PM (IST)
शिक्षा दिवस समारोह में बोले CM नीतीश, नई पीढ़ी की समझ से ही बदलेगा समाज
शिक्षा दिवस समारोह में बोले CM नीतीश, नई पीढ़ी की समझ से ही बदलेगा समाज

पटना [राज्य ब्यूरो]। राजधानी के एसके मेमोरियल हॉल में आयोजित शिक्षा दिवस समारोह में मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार ने मानव श्रृंखला 2018 पर तैयार एक पुस्तक का विमोचन किया। उन्‍होंने कहा कि नई पीढ़ी की समझ से ही समाज बदलेगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राज्‍य सरकार एक साल में 35 हजार करोड़ रुपए  का खर्च केवल शिक्षा पर खर्च कर रही है। कार्यक्रम में मानस बिहारी वर्मा को सम्‍मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा भी मौजूद थे।

loksabha election banner

मौलाना आजाद के काम पर पुस्तक प्रकाशित करे शिक्षा विभाग

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी को आजकल कौन बताता है आजादी की कहानी। उन्होंने कहा कि लड़ाने वालों को लड़ाने दीजिए, आप प्रेम और सद्भाव से रहिए। शिक्षा विभाग मौलाना आजाद साहब के काम के विवरण के साथ बहुत अच्छी पुस्तक बनाकर विद्यार्थियों तक पहुंचाए।

उन्‍होंने कहा कि मौलाना आजाद की जयंती पर शिक्षा दिवस समारोह का आयोजन करने वाला देश का पहला प्रदेश है बिहार। बाद में केंद्र सरकार ने इसे सभी राज्यों के लिए किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बापू के विचारों से प्रेरणा मिलेगी और मौलाना आजाद के कर्म से जानकारी। नई पीढ़ी यह तो जाने की आइआइटी का निर्माण किसने कराया और यूजीसी किसकी देन है? देश के सर्वोच्च नेताओं में एक थे मौलाना आजाद। वह देश के विभाजन के प्रस्ताव से सहमत नहीं थे।

हाशिए पर रहने वाले लोगों को मुख्यधारा में लाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक हाशिए पर रहने वाले लोगों को मुख्यधारा में नहीं लाएंगे तब तक विकास का कोई मतलब नहीं। हमारी योजनाएं सब के लिए है। अपने बेटे और बेटियों को पढ़ाएं। जो बदलाव हो रहे हैं, उन्‍हें और पुष्ट करना है। शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागृति भी जरूरी है।

मानस बिहारी वर्मा से प्रेरणा लें लोग

वैज्ञानिक मानस बिहारी की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आजकल जो दिल्ली भी चला जाता है तो वहां से लौटता नहीं। वहीं शिखर तक पहुंचे वैज्ञानिक मानस बिहारी वर्मा रिटायरमेंट के बाद गांव आकर बच्चों को विज्ञान की शिक्षा दे रहे हैैं। उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।

सुशील मोदी बोले: शिक्षा पर 35 हजार करोड़ खर्च कर रही सरकार

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि उनकी सरकार एक साल में 35 हजार करोड़ रुपये का खर्च केवल शिक्षा पर कर रही है। 1.29 करोड़ रुपये अब तक साइकिल क्रय के लिए लड़कियों और लड़कों को दिए जा चुके हैं।

लालू के चरवाहा विद्यालय पर किया कटाक्ष

मोदी ने कहा कि जिस तरह मौलाना आजाद ने देश के स्तर पर नई शैक्षिक संस्थाओं को आरंभ किया, उसी तरह उनकी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में बिहार में बड़ी संख्या में नयी-नयी संस्थाओं को आरंभ किया। अब 13 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाने वाले हैं। लालू यादव का नाम लिए बिना उन्‍होंने कटाक्ष किया कि पहले जिन लोगों ने 15 वर्षों तक सरकार चलाया, उन्होंने चरवाहा विद्यालय आरंभ किए। वे चरवाहा विद्यालय व इन्‍हें खोलने वालों का समय ही बंद हो गया।

वैज्ञानिक मानस बिहारी वर्मा को किया सम्‍मानित

इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा वैज्ञानिक पद्मश्री मानस बिहारी वर्मा को मौलाना अबुल कलाम आजाद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। तेजस एयरक्राफ्ट के निर्माण में मानस बिहारी वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इन दिनों वे तीन मोबाइल वैन के माध्यम से स्कूल-स्कूल पहुंचकर बच्चों को विज्ञान की शिक्षा दे रहे हैं। मोबाइल वैन के भीतर उत्कृष्ट लैब है। बिहार के तीन सौ स्कूलों तक वे जा चुके हैं और डेढ़ लाख बच्चों को इसका लाभ मिला है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.