आम का पौधा रोपकर डुमरांव महाराज को सीएम नीतीश ने दी श्रद्धांजलि, युवराज से भी की मुलाकात
डुमरांव राज के महाराज और बक्सर के प्रथम सांसद कमल बहादुर सिंह के श्राद्ध पर शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि देने पूरा डुमरांव उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पहुंचे।
बक्सर, जेएनएन। डुमरांव राज के महाराज और बक्सर के प्रथम सांसद कमल बहादुर सिंह के श्राद्ध पर शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि देने पूरा डुमरांव उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पहुंचे। उन्होंने महाराजा के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनके सम्मान में भोजपुर कोठी परिसर में आम का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री ने महाराज को जल और पर्यावरण संरक्षण का वाहक बताते हुए उनके जल, जीवन और हरियाली के सपने को पूरा करने का संकल्प लिया।
लंबे समय से बीमार चल रहे 94 वर्षीय महाराज का पांच जनवरी को निधन हो गया था। तेरहवीं पर राज परिवार ने मुख्यमंत्री को न्योता भेजा था। शुक्रवार की शाम मुख्यमंत्री के डुमरांव आने की खबर राज परिवार के युवराज चंद्रविजय सिंह को सीएम कार्यालय से दी गई।
कार्यक्रम के प्रोटोकॉल के अनुसार भोजपुर कोठी के मुख्य प्रवेश द्वार को सुरक्षित किया गया और आम नागरिकों के लिए अलग से प्रवेश द्वार बनाया गया। शनिवार को दोपहर 2.15 बजे मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर कार्यक्रम स्थल के पास पहुंचा। उनके साथ परिवहन मंत्री संतोष निराला और उद्योग मंत्री जयकुमार सिंह भी थे।
भोजपुर कोठी में उनकी आगवानी की गई। पौधारोपण के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि डुमरांव महाराज ने जल संरक्षण, शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में अतुलनीय काम किया। सदर विधायक संजय कुमार तिवारी और डुमरांव विधायक ददन ङ्क्षसह ने डुमरांव में पूर्व सांसद की आदमकद प्रतिमा लगवाने का अनुरोध किया।