बोले सीएम नीतीश कुमार- अब सूबे में लालटेन युग खत्म, गांव-गांव पहुंची बिजली
कहा भ्रष्टाचार से कभी नहीं करूंगा समझौता। केंद्र सरकार की सहायता से बिहार में बड़े-बड़े पुल और सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।
शेखपुरा, जेएनएन। पहले बिजली नहीं थी तो लालटेन का युग था, अब गांव-गांव बिजली पहुंच गई है, इसलिए लालटेन की जरूरत नहीं रह गई है। केंद्र सरकार की सहायता से बिहार में बड़े-बड़े पुल और सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। इस काम के लिए केंद्र सरकार ने 50 हजार करोड़ की सहायता राशि दी है। ये बातें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को शेखपुरा के घाटकुसुंभा और बरबीघा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने लालू प्रसाद व उनके परिवार के लोगों पर जमकर हमला बोला। कहा कि कुछ लोग अपनी सेवा के लिए सत्ता चाहते हैं जबकि हम सत्ता के सहारे जनता की सेवा करना चाहते हैं। लालू प्रसाद के परिवार वालों को भ्रष्टाचार में लिप्त बताया। कहा कि हम विकास के काम में लगे हैं, लेकिन कुछ लोग बहकाने में लगे हुए हैं। वातावरण खराब किया जा रहा है। ऐसे लोगों के चक्कर में नहीं आना है। पंचायती राज व्यवस्था में पचास फीसद आरक्षण, पोशाक राशि और साइकिल राशि से नारी सशक्तीकरण हुआ है। 15 साल के पति-पत्नी के शासन काल में विकास देखने को नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि हमारी नीति सभी को साथ लेकर चलने की है जबकि, कुछ लोग केवल अपने परिवार को लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। 2005 में बिहार का बजट 24 हजार करोड़ था जबकि आज बजट 2 लाख करोड़ का हो गया है। इससे समझा जा सकता है कि बिहार में कितना विकास किया है।