नालंदा में सीएम नीतीश कुमार ने पत्नी को दी श्रद्धांजलि, ग्रामीणों की समस्याएं दूर करने का अधिकारियों को निर्देश
नालंदा के कल्याण बिगहा पहुंच कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्नी की प्रतिमा पर की पुष्पांजलि। गांव में शोक संतप्त तीन परिवारों को दी सांत्वना। मध्य विद्यालय में ग्रामीणों से किया संवाद। अधिकारियों से कहा-इनकी शिकायतें दूर करें।
हरनौत (नालंदा), संवाद सूत्र। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Mukhyamantri Nitish Kumar) शनिवार को अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी पत्नी कुमारी मंजू सिन्हा की की 16वीं पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इससे पूर्व उन्होंने माता-पिता की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। सीएम ने कल्याण बिगहा मध्य विद्यालय में ग्रामीणों के साथ संवाद किया। उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
माता-पिता और पत्नी को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री करीब 11:10 बजे कल्याण बिगहा गांव पहुंचे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह तत्पर था। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा की व्यवस्था थी। सीएम ने सबसे पहले ग्राम देवी मंदिर में पूजा की। इसके बाद पिता की स्मृति में बनाए गए वैद्य रामलखन सिंह स्मृति वाटिका पहुंचे। यहां माता परमेश्वरी देवी और पिता को उन्होंने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुण्यतिथि के अवसर पर पत्नी की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाए। यहां के बाद वे ग्रामीण अनुज प्रकाश, दिलीप कुमार एवं विपिन सिंह के घर पहुंचे। अनुज प्रकाश के पिता व दिलीप एवं विपिन की मां का देहावसान हाल में हो गया था। सीएम ने उनसभी को सांत्वना दी।
अधिकारियों को कहा-लोगों की समस्याएं दूर करें
सीएम मध्य विद्यालय पहुंचे। वहां ग्रामीणों की भीड़ लगी थी। सीएम ने लोगों की समस्याएं सुनी। अधिकारियों को उनके निराकरण का आदेश दिया। सीएम के साथ उनके बड़े भाई सतीश कुमार, पुत्र निशांत, विधान पार्षद संजय सिंह उर्फ गांधी जी एवं ललन सर्राफ, सीएम के विशेष सलाहकार मनीष कुमार, सचिव अनुपम कुमार, निजी सचिव दिनेश राय एवं मकसूद आलम,पटना के डीएम चन्द्रशेखर सिंह कल्याण बिगहा आए थे। पूर्व विधायक इंजीनियर सुनील, पूर्व विधान पार्षद राजेश कुमार उर्फ राजू यादव, जदयू के जिलाध्यक्ष सियाशरण ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार, नालन्दा के प्रभारी डीएम डीडीसी वैभव श्रीवास्तव, एसपी अशोक मिश्रा , बिहार शरीफ एवं हिलसा के एसडीएम और डीएसपी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।