नीतीश ने किया गंगा घाटाें का निरीक्षण, कहा- जब तक खुद न देख लूं, भरोसा नहीं होता
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नासरीगंज घाट से लेकर कंगन घाट तक छठ के लिए तैयार हो रहे घाटों का स्टीमर से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर साथ चल रहे अधिकारियों को कई निर्देश दिए।
पटना, राज्य ब्यूरो। CM Nitish Kumar inspected the Ganga Ghats in Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को दानापुर के नासरीगंज घाट से लेकर पटना सिटी के कंगन घाट तक छठ के अघ्र्य के लिए तैयार हो रहे घाटों का स्टीमर से निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर साथ चल रहे आला अधिकारियों को यह निर्देश दिया कि गंगा नदी का जलस्तर इस बार ऊंचा है। इसे देखते हुए सभी तरह के घाट पर इस बार बैरकेडिंग जरूरी होगी। ऐसा इसलिए जरूरी है कि लोग एक दूरी से आगे नहीं जा सकें। घाट पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध होने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कहा कि किसी भी हाल में छठव्रतियों को कठिनाई नहीं होनी चाहिए। पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी काम को तेजी से कर रहे हैैं। मुझे पूरा भरोसा है कि समय पर यह काम पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा का हर तरह से ध्यान दिया जाता है। वाच टावर से लगातार निगरानी रखी जाती है। शुरू से ही इस बारे में गाइडलाइन है। उसी के आधार पर काम हो रहे हैैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक वह खुद तैयारियों को देख नहीं लेते तब तक उन्हेंं संतोष नहीं होता है। उन्हें यह संतोष है कि काम बेहतर तरीके से हो रहा है और ससमय पूरा कर लिया जाएगा। दीपावली के बाद वह पुन: तैयारियों का जायजा लेंगे।
घाटों के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, आपदा प्रबंधन मंत्री लक्ष्मेश्वर राय, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार के सदस्य उदयकांत मिश्रा, मुख्य सचिव दीपक कुमार, डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय, अपर मुख्य सचिव गृह आमिर सुबहानी, पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, सचिव मनीष कुमार वर्मा, अनुपम कुमार और नगर विकास विभाग के सचिव आनंद किशोर सहित कई अन्य महकमों के सचिव स्टीमर पर थे।