सोमनाथ चटर्जी के निधन पर CM नीतीश ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की
लोकसभा के पूर्व स्पीकर और वरिष्ठ नेता सोमनाथ चैटर्जी के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
पटना [जेएनएन]। लोकसभा के पूर्व स्पीकर सोमनाथ चटर्जी के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि सोमनाथ चैटर्जी 10 बार लोकसभा सांसद रहे। सोमनाथ चटर्जी उच्च राजनीतिक मूल्यों एवं आदर्शों के लिए जाने जाते थे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में लिखा कि अपने उत्कृष्ट राजनीतिक मूल्यों के कारण सोमनाथ चटर्जी आम सहमति से लोकसभा के अध्यक्ष बने। अध्यक्षीय कार्यकाल में सोमनाथ चटर्जी ने लोकसभा के शून्य काल का लाइव प्रसारण शुरू कराया। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में अपूरणीय क्षति हुई है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं समर्थकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने भी जताई गहरी संवेदना
लोकसभा के पूर्व स्पीकर सोमनाथ चटर्जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि उनके साथ एक सांसद के तौर पर काम करने का मुझे भी मौका मिला था। लोकतंत्र और लोकतांत्रिक परम्पराओं के प्रति उनकी गहरी आस्था थी। उनके निधन से भारतीय राजनीति में एक ऐसी रिक्तता आई है, जिसकी भरपाई सम्भव नही है।
सुशील मोदी ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति व परिजनों, शुभचिंतकों को इस आघात को सहने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।