CM नीतीश का एलान, बाढ़ राहत केंद्रों में भी लोगों को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि बिहार सरकार बाढ़ राहत केंद्रों में लोगों को रोजगार देगी। यहां खाना बनाने वालों से लेकर परोसने वालों तक को मानदेय मिलेगा।
पटना [वेब डेस्क ]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बाढ़ राहत केंद्रों की व्यवस्था सुदृढ़ होगी। केंद्रों की व्यवस्था से जुड़े लोगों को रोजगार दिया जाएगा। यह बात उन्होंने पूर्णिया में बाढ़ राहत केंद्र के निरीक्षण के दौरान सोमवार को कही। सीएम ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए सरकार कोई कमी नहीं रखेगी।
पूर्णिया के बाढ़ प्रभावित इलाकों के निरीक्षण के दौरान सीएम ने वहां के हालात का नजदीक से जायजा लिया। लोगों की पीड़ा सुनी। स्थानीय लोगों ने जब बीडीओ-सीओ की शिकायत शुरू की तो नीतीश ने कहा कि सारी व्यवस्था टंच होगी। उन्होंने लोगों को कहा कि वे सरकार का सहयोग करें। राहत केंद्रों में कोई अव्यवस्था नहीं हो और किसी को परेशानी नहीं हो इसका सब लोग ख्याल रखें।
मुख्यमंत्री दो दिन से भागलपुर और पूर्णिया के दौरे पर हैं। रविवार की देर शाम मुख्यमंत्री भागलपुर का दौरा करने के बाद पूर्णिया पहुंचे थे। उनका कटिहार और अन्य जिलों में जाने का भी कार्यक्रम है।