पटना में पुलिस से भिड़े युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता, सीएम आवास के बाहर कर रहे थे प्रदर्शन
बिहार युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराध को लेकर सीएम आवास का घेराव किया। कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
पटना, जेएनएन। बिहार में बढ़ते अपराध और ध्वस्त हो रही कानून-व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम आवास के पास बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।
शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास के बाहर पहुंचे बिहार युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं को रोका, लेकिन कार्यकर्ता मानने को तैयार नहीं थे।
पुलिस के रोकने पर हड़ताली मोड़ के पास कार्यकर्ता हंगामा करने लगेऔर बैरिकेडिंग तोड़ने लगे। जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन से पानी छोड़ा और कार्यकर्ताओं को तितर-बितर कर नियंत्रित किया। कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शनिवार की सुबह बड़ी संख्या में पटना के बांसघाट पर जुटे और फिर यहां से वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास का घेराव करने पहुंचे। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष मदन मोहन झा समेत कई विधायक और नेता भी मौजूद थे।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा के साथ दिल्ली में सीट शेयरिंग पर 50/50 का डील करने में व्यस्त हैं। वहीं, बिहार में कानून व्यवस्था शून्य स्तर पर आ गयी है। साथ ही कहा कि यह सरकार जो जनादेश का अपमान करके बनी है, उससे बिहार के लोगों का अब भरोसा भी शून्य बचा है।