जन्मदिन पर इमोशनल हुए चिराग पासवान, माता-पिता के साथ वाला वीडियो ट्वीट कर लिखा ये मैसेज
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान ने रविवार को सादगी के साथ जन्मदिन मनाया। उन्होंने पटना के महावीर मंदिर में दर्शन किया। साथ ही ट्विटर पर पिता रामविलास पासवान की स्मृतियां साझा की।
ऑनलाइन डेस्क, पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान ने रविवार (31 अक्टूबर) को अपने जन्मदिन पर पिता रामविलास पासवान को याद किया। उन्होंने पिता के चित्र पर मार्ल्यापण करती तस्वीरें ट्विटर पर पोस्ट की। उसपर लिखा - आपका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ है। इससे पहले चिराग पासवान ने शनिवार की देर रात माता रीना पासवान और पिता रामविलास पासवान की साथ वाला पुराना वीडियो भी ट्वीट किया, जिसमें दोनों उन्हें (चिराग को) आशीर्वचन दे रहे हैं। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा - आज के दिन आपके पैर छूता था और आज आपको मिस कर रहा हूं।
(जन्मदिन पर चिराग पासवान पर ट्वीट किया माता-पिता के साथ वाला वीडियो। साभार: ट्विटर।)
जन्मदिन पर चिराग पासवान अपने समर्थकों के साथ पटना स्थित महावीर मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीराम व हनुमान का आशीर्वाद लिया। पार्टी के नेताओं ने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर महावीर मंदिर दर्शन की कई तस्वीरें डालीं। इसमें लिखा गया कि चिराग ने मंदिर में दर्शन किया और बिहार की उन्नति व खुशहाली की कामना की। चिराग के अचानक मंदिर पहुंचने पर दूसरे श्रद्धालु भी उनकी एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े। युवाओं ने उनके साथ सेल्फी ली।
(पटना स्थित महावीर मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे चिराग पासवान। साभार: ट्विटर।)
महावीर मंदिर में दर्शन करने के बाद चिराग पासवान श्रीकृष्णापुरी स्थित घर लौट गए। वहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि की। घर पर समर्थकों की भीड़ लगी थी। चिराग पासवान को जन्मदिन की बधाई देने के लिए उनके संसदीय क्षेत्र से भी कार्यकर्ता घर पहुंचे। इस दौरान चिराग ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने पिता को पथदर्शक बताया और कहा कि वे बिहार के विकास की कामना करते थे। उनके सपनों को साकार करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने युवाशक्ति पर जोर दिया।
(पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर नमन करते चिराग पासवान, साथ में पार्टी के नेतागण। साभार: टि्वटर।)