चिराग पासवान ने अपनी शादी पर दिया बयान, बता दिया है पूरा प्लान; चचेरे भाई प्रिंस राज भी हैं कुंवारे
चिराग पासवान ने अपनी शादी को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि वे अपनी शादी पूरे धूमधाम से करेंगे। इससे उनके समर्थकों में उत्साह है। चिराग पासवान के चचेरे भाई और लोकसभा सदस्य प्रिंस राज भी कुंवारे हैं।
पटना, जागरण टीम। Bihar Politics: बिहार में कुंवारे राजनेताओं की कमी नहीं है। तेजस्वी यादव के बड़े भाई तेज प्रताप यादव तो अपनी शादी के बाद भी फिलहाल अकेले हैं। उनका पत्नी के साथ विवाह विच्छेद के लिए कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। राज्य में लोजपा के अलग-अलग दो गुटों के दो सांसद चिराग पासवान और प्रिंस राज, भाजपा की विधायक श्रेयसी सिंह, कांग्रेस के बड़े नेता कन्हैया कुमार, आनंद मोहन और लवली आनंद के बेटे और राजद के विधायक चेतन आनंद, प्लुरल्स पार्टी की पुष्मम प्रिया जैसे कई नेता अभी अविवाहित हैं। इस बीच चिराग पासवान ने अपनी शादी को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि वे अपनी शादी पूरे धूमधाम से करेंगे। इससे उनके समर्थकों में उत्साह है, हालांकि चिराग ने अपनी शादी को लेकर कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई है।
चिराग पासवान बोले- गुपचुप तरीके से नहीं करूंगा शादी
लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को उनकी शादी की बधाई दी है। वैसे चिराग ने यह भी जोड़ा कि मैं गुपचुप तरीके से शादी नहीं करूंगा। जहां भी शादी करूंगा, डंके की चोट पर करूंगा। पत्रकारों से बातचीत के क्रम में उन्होंने यह बात कही। चिराग ने कहा कि तेजस्वी मेरे छोटे भाई हैं। जब छोटे भाई के घर में खुशी का आगमन हो रहा तो मेरी ओर से उनके संपूर्ण परिवार को बधाई। उन्होंने कहा कि शादी के फैसले निजी होते हैं। इसे जाति या धर्म से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।
चिराग के भाई प्रिंस राज भी हैं कुंवारे
चिराग पासवान के चचेरे भाई प्रिंस राज भी कुंवारे हैं। कुछ दिनों पहले दिल्ली की एक लड़की ने उन पर यौन शोषण का मुकदमा दर्ज करा दिया था। हालांकि इस मामले में सांसद को अग्रिम जमानत मिल गई। इस लड़की के खिलाफ प्रिंस राज ने पहले ही प्राथमिकी दर्ज करा रखी है। उनका आरोप है कि लड़की उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी।
जगदानंद सिंह ने भी दिया था चुटीला जवाब
राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने भी तेजस्वी यादव की शादी को लेकर चुटीला जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि शादी की उम्र हो गई है। शादी होने में कोई बड़ी बात नहीं है। शादी का असर पार्टी और परिवार पर नहीं पड़ना चाहिए। हमारी संस्कृति में शादी एक संस्कार है और इसका निर्वाह करना बड़ी बात है। उनका यह जवाब तेजस्वी यादव के बड़े भाई तेज प्रताप यादव की शादी और उसके बाद हुए विवाद से जोड़कर देखा गया।