मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने पार्टी कार्यालय में लोगों से की मुलाकात
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह आज जदयू कार्यालय पहुंचे। पांच घंटे तक पार्टी प्रदेश कार्यालय में लोगों से मिलते रहे। आरसीपी सिंह ने कार्यभार संभाल लिया। आज भी उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
पटना,राज्य ब्यूरो । जदयू प्रदेश कार्यालय में सोमवार को पूरे दिन बुके और रोज स्टिक लेकर पहुंचने वाले लोगों का तांता लगा रहा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह से मिलने बड़ी संख्या में लोग पार्टी दफ्तर पहुंचे। पहले कर्पूरी सभागार के समीप बने कक्ष में मिलने का दौर चला और फिर सभागार के पीछे धूप में कुर्सियां लगीं। जदयू के कार्यालय महासचिव डॉ नवीन आर्या व अन्य लोगों को लगातार हिदायत देते रहे। बुके के साथ पहुंचे लोगों को कई बार हिदायत दी कि-अरे भाई बुके लेकर कैसे आए गए, यह लाना ही नहीं था। बुके और रोज स्टिक को पास रखे एक टेबल पर डाल दिया गया।
सीएम ने कहा, पार्टी को आगे बढ़ाने में लगिए
आरसीपी सिंह सुबह दस बजे के करीब पार्टी दफ्तर पहुंच गए थे। ग्यारह बजे के करीब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पहुंच गए। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद ललन सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी आ गए। सबसे पहले मुख्यमंत्री ने पार्टी के उन नेताओं से भेंट की जो राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेने आए थे। राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी भी पार्टी दफ्तर में मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने सभी को कहा पार्टी को आगे बढ़ाने में लगिए। दो बजे के बाद जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह भी पार्टी दफ्तर पहुंच गए। मुख्यमंत्री साढ़े चार बजे के करीब पार्टी दफ्तर से निकले। उनके जाने के बाद भी राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह पार्टी दफ्तर में लोगों से मिलते रहे। कई ने उन्हें अपना आवेदन भी दे दिया। वह सभी का अभिवादन एक शब्द धन्यवाद बोलकर करते रहे।
सांसद चंद्रेश्वर चंद्रवंशी, दिलेश्वर कामत, रामप्रीत मंडल,सुनील कुमार पिंटू व पूर्व मंत्री लक्ष्मेश्वर राय व प्रदेश महासचिव नवीन आर्या ने भी आरसीपी सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी।