Chhath Puja 2020 News: दो दिन पीपा पुल पर बंद रहेगा वाहनों का परिचालन, जानें कब शुरू होगा आवागमन
Chhath Puja 2020 News पीपा पुल पर छठ को लेकर शुक्रवार से शनिवार के पूर्वाह्न तक वाहनों का परिचालन नहीं होगा। पुल के दोनों ओर के घाटों पर छठ करने के लिए श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है।
पटना, जेएनएन। भद्रघाट से हाजीपुर के तेरसिया घाट को जोड़ने वाले पीपा पुल पर छठ को लेकर शुक्रवार से शनिवार के पूर्वाह्न तक वाहनों का परिचालन नहीं होगा। पुल के दोनों ओर के घाटों पर छठ करने के लिए श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है। यह जानकारी गुरुवार को अनुमंडलाधिकारी मुकेश रंजन ने दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को दोपहर बाद पीपापुल पर वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।
आज सामान्य गति में चलीं गाड़ियां
वहीं, गांधी सेतु के पश्चिमी लेन पर गुरुवार को सभी तरह की गाड़ियां सामान्य गति में चलीं। सुबह में इस लेन पर एक कार और एक बाइक के बीच टक्कर होने से कुछ देर के लिए वाहनों का परिचालन बाधित हुआ। वाहनों द्वारा ओवरटेक करने के कारण भी इस लेन पर जाम लगता रहा। गंगा थानाध्यक्ष एसके पंकज ने बताया कि जल्द ही सब कुछ सामान्य हो गया। इस दुर्घटना में वाहन को मामूली रूप से नुकसान पहुंचा था।
लगी रही वाहनों की कतार
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30 से जुड़े जीरो माइल से लेकर सेतु पर पाया संख्या 46 तक वाहनों की कतार बीच-बीच में लगती रही। सबसे अधिक जाम की समस्या बैरियर स्थित पुराने टोल प्लाजा के समीप थी। यहां लगे जाम में वाहन फंसे रहे।
विधायक ने किया गंगा घाटों का निरीक्षण
पटना। बांकीपुर विधायक नितिन नवीन ने महापर्व छठ पूजा की तैयारियों के लिए गुरुवार को गांधी घाट से अंटा घाट तक निरीक्षण किया। नितिन नवीन ने लोगों से अपने घरों पर ही छठ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर गंगा घाट या किसी तालाब पर जाते हैं तो छोटे बच्चे व अधिक उम्र के व्यक्ति को कतई न ले जाएं। अर्घ्यदान के समय शारीरिक दूरी का पालन करें और मुंह पर मास्क लगाए रखें। जल में डुबकी न लगाएं। विधायक व भाजपा कार्यकर्ताओं ने छठ माता से प्रार्थना की कि बिहार जल्द कोरोना महामारी से उबर जाए।