Chhath News 2020 Update: प्रशासन की अपील से नाराज युवाओं ने शुरू किया घाट पर ही होगा छठ महापर्व 'चैलेंज', सोशल मीडिया पर मिल रहा जोरदार समर्थन, बढ़ी मुश्किल
Chhath News 2020 Update युवा प्रशासन द्वारा घर पर ही छठ पर्व मनाने की अपील से बेहद नाराज हैं। वे सोशल मीडिया पर घाट पर ही होगा छठ चैलेंज पोस्ट कर लोगों से समर्थन मांग रहे हैं। चैलेंज ने सरकार और प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी है।
पटना/ भभुआ, जेएनएन। Chhath News 2020 Update: सरकार के स्तर से छठ महापर्व को लेकर जारी कोरोना गाइडलाइन का अनुपालन कराने के लिए बिहार का कैमूर जिला प्रशासन तत्पर दिख रहा है। कैमूर जिला प्रशासन द्वारा गाइडलाइन के अनुसार जिले के सभी जनप्रतिनिधियों को छठ महापर्व संपन्न कराने की अपील की गई है। साथ ही कैमूर जिला प्रशासन द्वारा छठ व्रतियों से अपने घर में ही छठ महापर्व का अनुष्ठान करने की अपील की जा रही है। जिससे कैमूर जिले के युवा काफी नाराज दिख रहे हैं। ऐसे में युवाओं ने छठ तो घाट पर ही होगा 'चैलेंज' कर कैमूर जिला प्रशासन को चुनौती दे दी है। इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर युवा व पूजा समिति से जुड़े लोग आम लोगों से समर्थन भी मांग रहे हैं। जिसका समर्थन भी मिल रहा है।
गाइडलाइन के खिलाफ युवा निकाल रहे भड़ास
हालांकि जिला प्रशासन के स्तर से छठ घाट का निर्माण कराया गया है। लेकिन छठ घाट पर कोरोना संक्रमण के अलावा सुरक्षा के मद्देनजर बचाव के कई निर्देश जारी किए गए हैं। जिसमें 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग व 10 वर्ष से कम आयु के बच्चों को छठ घाट पर जाने की मनाही की गई है। साथ ही अधिक से अधिक छठ व्रतियों को अपने घर में ही छठ महापर्व का अनुष्ठान करने की अपील की गई है। जलाशयों में डुबकी लगाने पर रोक लगाई गई है। जिला प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन में अधिकांश बिंदुओं को लोग मानने को तैयार हैं। लेकिन अपने घर में छठ महापर्व का अनुष्ठान करने की अपील पर जिले के युवाओं व पूजा समितियों में काफी नाराजगी देखी जा रही है। जिसकी भड़ास लोग सोशलमीडिया पर जिला प्रशासन के विरुद्ध छठ महापर्व तो घाट पर ही होगा चैलेंज का पोस्ट कर निकाल रहे हैं।
कैमूर में ढ़ाई लाख लोग कर रहे छठ व्रत
जानकारी के अनुसार कैमूर जिले में लगभग ढाई लाख व्रती छठ महापर्व का अनुष्ठान कर रहे हैं। इसमें बहुत कम व्रती ही अपने घर में छठ महापर्व करेंगे। अधिकांश व्रती जलाशयों में ही छठ महापर्व का अनुष्ठान करने की तैयारी में है। ऐसे में छठ महापर्व पर प्रशासन और आम लोग पूरी तरह आमने-सामने हैं। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन के गाइडलाइन का व्रती कितना अनुपालन करते हैं। वैसे जिला प्रशासन द्वारा छठ महापर्व को लेकर घाट पर सभी तरह की व्यवस्था पूरी कर दी गई है।