व्यक्तिगत टिप्पणी पर गिरिराज का पलटवार, कहा- लालू और तेजस्वी को नेता बनाकर नीतीश ने की भूल
राजद विधायक तेजस्वी यादव की नीतीश कुमार पर टिप्पणी सियासी गलियारे में चर्चा का विषय बन गई है। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के बाद अब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी तेजस्वी पर पलटवार किया है।
पटना, जेएनएन। विधानसभा सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक तेजस्वी यादव की नीतीश कुमार पर टिप्पणी सियासी गलियारे में चर्चा का विषय बन गई है। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के बाद अब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी तेजस्वी पर पलटवार किया है। शनिवार को गिरिराज ने कहा कि नीतीश कुमार ने राजद सुप्रीमो लालू यादव और तेजस्वी यादव को नेता बनाकर भूल की है, ऐसी टिप्पणी उसी का परिणाम है।
नीतीश कुमार की भूल का ही है ये परिणामः गिरिराज
केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने लालू यादव को लोकदल में विधानमंडल का नेता बनाया था। इसके बाद तेजस्वी को भी उन्होंने ही 16वीं विधानसभा में बिहार का उपमुख्यमंत्री बनाया था। गिरिराज ने कहा कि नीतीश कुमार ने जो भूल की उसी का परिणाम है कि तेजस्वी ने इतने घटिया शब्द का प्रयोग उनके व्यक्तिगत जीवन के लिए किया है।
कोई सभ्य आदमी ऐसे शब्दों का प्रयोग नहीं कर सकता ःगिरिराज
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राघोपुर से राजद विधायक तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर जो आरोप लगाए हैं, उनका इससे दूर-दूर तक नाता नहीं है। उन्होंने कहा कि कोई भी सभ्य आदमी सदन के पटल पर इस तरह के घटिया शब्दों का प्रयोग कभी नहीं कर सकता है।
नीतीश कुमार ने सदन में ही जताया था विरोध
बताते चलें कि एक दिन पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने विधानसभा सत्र के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर व्यक्तिगत टिप्पणी की थी। तेजस्वी के बयान पर नीतीश कुमार ने उसी वक्त विरोध जताया था। जिसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया था। नीतीश पर टिप्पणी के मामले में आरएलएसपी नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने भी तेजस्वी पर हमला किया था। ट्वीट कर उन्होंने तेजस्वी की टिप्पणी की घोर निंदा की थी।