सीबीएसई से 12वीं की परीक्षा देने वाले ध्यान दें, बायोलाजी और रसायन के पेपर में पूछे जाएंगे इतने सवाल
सेंट्रल बोर्ड आफ सेकेंड्री एजुकेशन (सीबीएसई) ने दसवीं एवं बारहवीं के टूर्म टू का सैंपल पेपर जारी कर दिया है। बारहवीं के बायोलाजी और रसायन शास्त्र की सैद्धांतिक परीक्षा दो-दो घंटे की होगी। दोनों पेपर के लिए 35-35 अंक निर्धारित किए गए हैं।
पटना, जागरण संवाददाता। सेंट्रल बोर्ड आफ सेकेंड्री एजुकेशन (सीबीएसई) ने दसवीं एवं बारहवीं के टूर्म टू का सैंपल पेपर जारी कर दिया है। बारहवीं के बायोलाजी और रसायन शास्त्र की सैद्धांतिक परीक्षा दो-दो घंटे की होगी। दोनों पेपर के लिए 35-35 अंक निर्धारित किए गए हैं। बायोलाजी का प्रश्न पत्र तीन भागों में विभाजित होगा। भाग ए में कुल छह प्रश्न होंगे, प्रत्येक सवाल के लिए दो अंक निर्धारित किए गए हैं। भाग बी में भी छह प्रश्न होंगे, इन प्रश्नों के लिए तीन अंक निर्धारित किए गए हैं। भाग सी में एक ही सवाल पूछा जाएगा जो केस आधारित होगा, इसके लिए पांच अंक निर्धारित किया गया है। सभी सवालों के उत्तर देना अनिवार्य होगा।
बायोलाजी के वरिष्ठ शिक्षक अभिषेक कुमार का कहना है कि बायोलाजी में डाइग्राम का विशेष महत्व है। डाइग्राम आधारित सवालों को साफ एवं स्वच्छता के साथ बनाना चाहिए। इससे परीक्षार्थी को अच्छे अंक मिलते हैं। डाइग्राम बनाते समय इस बात का ध्यान रखें कि जिस सवालों का जवाब मांगा जाए डाइग्राम उसी पर फोकस हो। डाइग्राम को अनावश्यक बड़ा करने से परीक्षार्थी का समय बर्बाद होता है।
- बायोलाजी के विद्यार्थियों को दो घंटे में देना होगा 13 सवालों का जवाब
- 12वीं में 35 अंक की होगी बायोलाजी की सैद्धांतिक परीक्षा
- 3 भागों में होगा बायोलाजी का प्रश्न पत्र, भाग ए में होंगे कुल छह प्रश्न
- 2 अंक निर्धारित किए गए हैं प्रत्येक सवाल के लिए
- 6 प्रश्न होंगे भाग बी में भी, तीन अंक निर्धारित किए गए हैं
- 1 ही सवाल पूछा जाएगा भाग सी में, पांच अंक होंगे निर्धारित
रसायन शास्त्र की परीक्षा में पूछे जाएंगे 12 सवाल
बारहवीं के रसायन शास्त्र की परीक्षा में कुल बारह सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा दो घंटे की होगी और इसके लिए कुल 35 अंक निर्धारित किए गए हैं। प्रश्न पत्र तीन भागों में विभाजित होगा। भाग ए में कुल तीन सवाल होंगे, सभी के लिए दो अंक निर्धारित किए गए हैं। आठ सवाल भाग बी में पूछे जाएंगे, प्रत्येक सवाल के लिए तीन अंक निर्धारित किए गए हैं। भाग सी में एक सवाल केस आधारित होगा, इसके लिए पांच अंक निर्धारित किया गया है। सभी सवालों का उत्तर देना अनिवार्य होगा।
रसायन शास्त्र के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार ने कहा कि रसायन में कुछ फार्मूले बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। उनको बार-बार अभ्यास करने की जरूरत होती है। अब छात्रों को सीबीएसई के सैंपल पेपर से प्रतिदिन एक सेट जरूर बनाना चाहिए। इससे परीक्षा का भय खत्म हो जाएगा। उसके लिए निर्धारित दो घंटे की अवधि में ही सवालों को हल करने की कोशिश करनी चाहिए। शुरू में सवालों को हल करने में समय लगेगा, लेकिन अभ्यास होने के बाद सभी सवाल समय पर हल होने लगेंगे।