नालंदा में कार और सिलेंडर लदा ट्रक टकराया, गोरखपुर के सगे भइयों समेत तीन की मौत
नालंदा में रविवार को सुबह सड़क हादसे में तीन की मौत हो गई। मृतक तीनों उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी थे। हादसे के बाद आरोपित ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
नालंदा, जेएनएन। सोहसराय थाना इलाके के सोहडीह एनएच-20 स्थित मेहता फ्रीजर हाउस के समीप रविवार की सुबह कार और सिलेंडर लदे ट्रक में भिड़ंत हो गई। हादसे में दो ने घटनास्थल तो एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शेष दो लोगों को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। मृतक सभी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले थे। इनकी पहचान थाना खजनी गांव जरलही निवासी संजय सिंह, बजरंगी सिंह व भरपाटिया निवासी मोहित कुमार के रूप में हुई है।
गोरखपुर से रांची जा रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार डस्टर गाड़ी पर सवार ठेकेदार मजदूर को लेकर यूपी के गोरखपुर से रांची जा रहे थे। पीछे दूसरी गाड़ी भी थी जिसपर छह लोग सवार थे। सभी पेंटिंग के काम के लिए रांची निकले थे। इसी दौरान सोहसराय थाना इलाके के सोहडीह एनएच-20 स्थित मेहता फ्रीजर हाउस के समीप गैस से लदे ट्रक ने डस्टर कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के सगे भाइयों समेत तीन की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। मृतक गोरखपुर जिले के थाना खजनी गांव जरलही निवासी संजय सिंह, बजरंगी सिंह व भरपाटिया निवासी मोहित कुमार हैं। मृतक संजय सिंह व बजरंगी सिंह सगे भाई हैं। दोनों भाई बिल्डिंग-पेंटिंग का ठेका लेते थे। वे मजदूरों को लेकर रांची जा रहे थे।
आगे की कार में छह तो पीछे गाड़ी में 11 लोग थे सवार
पिछली कार पर सवार घायल बालिकशन ने बताया कि दो गाड़ी से 11 लोग गोरखपुर से रांची के लिए निकले थे। हमारी गाड़ी पीछे थी। आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किसी के बचने की उम्मीद नहीं लग रही थी। दो लोगों ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाकी एक की जान इलाज के दौरान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सभी के स्वजन को सूचना दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया जाएगा। बाकी दो लोगों को पटना रेफर किया गया है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है।