पटना में महिला हेल्पलाइन को फोन कर मांगी ऐसी मदद कि सुनकर चौंक गए अधिकारी
Patna News महिला विकास निगम द्वारा संचालित हेल्पलाइन पर इन दिनों अजीबो गरीब काल आ रहे हैं। कोई आधार कार्ड की जानकारी मांग रहा है तो कोई फोन रीचार्ज के प्लान के बारे में जानना चाह रहा है।
पटना, जागरण संवाददाता। महिला विकास निगम द्वारा संचालित हेल्पलाइन पर इन दिनों अजीबो गरीब काल आ रहे हैं। कोई आधार कार्ड की जानकारी मांग रहा है तो कोई फोन रीचार्ज के प्लान के बारे में जानना चाह रहा है। महिला विकास निगम के अधिकारियों ने बताया कि इन हालात में वास्तविक मामलों के छूट जाने की आशंका बनी हुई है। ऐसे फोन काल से अधिकारी परेशान होते हैं वही असली जरूरतमंदों को मुश्किल होती है।
रेल से लेकर आंगनबाड़ी तक से संबंधित पूछते हैं सवाल
हेल्प लाइन नंबर पर आने वाले काल कई बार रेल की टाइमिंग पता लगाने के लिए होते हैं। इसी तरह 181 पर कस्टमर सर्विसेस, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मोबाइल रिचार्ज के साथ खाने से जुड़ी शिकायत व आंगनबाड़ी संबंधी काल भी आ जाती है।
2021 में अप्रैल से लेकर नवंबर तक के मामले
- दर्ज केस : 419
- केस चल रहे है : 43
- निबटाए गए मामले : 376
- कार्रवाई हुई बंद : 226
- कार्रवाई के बाद बंद मामले : 150
- फालोअप केस : 349
अप्रैल से नवंबर तक इतने मामले हुए रजिस्टर
- काल की संख्या : 19543
- बाल विवाह : 24
- घरेलू हिंसा : 252
- दहेज प्रताडऩा : 96
- मानव तस्करी : 2
- मेंटल हैरेसमेंट : 12
- सेक्सुअल वायलेंस : 4
- फिजिकल वायलेंस : 16
राज्य महिला आयोग हो चुका है भंग
बिहार में राज्य महिला आयोग एक साल से अधिक समय से भंग है। आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों का कार्यकाल 2020 में ही पूरा हो गया था। ऐसी हालत में न्याय की गुहार लेकर पहुंचने वाली महिलाओं के लिए महिला हेल्पलाइन एक अहम जरिया है। कोरोना काल में महिला हेल्पलाइन या थाने में खुद पहुंचना तो थोड़ा मुश्किल है, इसलिए लोग हेल्पलाइन के नंबर पर काल करना अधिक उपयोगी समझते हैं। ऐसे में इधर-उधर की काल आने से वास्तविक जरूरतमंद को परेशानी होना लाजिमी है।