अवैध संबंध में घर बुलाकर घोंट दिया गला, निर्मम हत्या करने के आरोप में महिला गिरफ्तार Patna News
राजधानी के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में अवैध संबंध में एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी कीक शिकायत पर पुलिस ने एख महिला को गिरफ्तार किया है।
पटना, जेएनएन। मसौढ़ी थाना क्षेत्र के थलपुरा टोला निवासी सतीश बिंद (25) की बुधवार की देर रात बदमाशों ने घर से बुलाकर गला घोंट हत्या कर दी। वारदात में सतीश की पत्नी मनोरमा देवी ने पड़ोस के गांव भीमपुरा के जीतन माझी की पत्नी सुगिया देवी और उसके परिजनों पर साजिश के तहत घर से बुलाकर उसकी हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
घटना का कारण अवैध संबंध बताया जा रहा है। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपित सुगिया देवी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक, बुधवार की देर रात थाना के थलपुरा टोला निवासी सतीश बिंद अपनी पत्नी को शौच जाने की बात कहकर देर रात घर से निकला। काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब सतीश घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी मनोरमा देवी सो गई।
इधर गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने पड़ोस के गाव भीमपुरा के आम के बगीचा में सतीश का अदर्धनग्न शव पड़ा देखा। खबर मिलते ही मौके पर सतीश की पत्नी और अन्य परिजन भी पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस संबंध में सतीश की पत्नी मनोरमा देवी ने भीमपुरा गांव के जीतन माझी की पत्नी सुगिया देवी और उसके परिजनों पर साजिश कर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के मुताबिक उसके पति का सुगिया देवी से बीते दो-तीन सालों से अवैध संबंध था और सतीश बिंद अक्सर अपने गांव के सामने की मोरहर नदी पार कर भीमपुरा गाव स्थित आम के बगीचा में मिलने उससे जाता था।
सुगिया देवी और उसके परिजनों ने बुधवार की देर रात एक साजिश के तहत फोन कर उसे भीमपुरा के बगीचा में बुलाया और फिर गमछी से गला घोंट उसकी हत्या कर दी। साथ ही उसका मोबाइल भी ले गए। इधर पुलिस ने मुख्य आरोपित सुगिया देवी को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि मामला अवैध संबंध का है। मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।