रामविलास पासवान के निधन से खाली राज्यसभा की सीट पर 14 दिसंबर को उपचुनाव, कार्यक्रम जारी
रामविलास पासवान के निधन से खाली हुई राज्यसभा की एक सीट पर 14 दिसंबर को उपचुनाव होगा। निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को कार्यक्रम जारी कर दिया है। विधानसभा कोटे से खाली हुई सीट के लिए 26 नवंबर को अधिसूचना जारी की जाएगी।
पटना, जेएनएन। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोजपा नेता रामविलास पासवान के निधन से खाली हुई राज्यसभा की एक सीट पर 14 दिसंबर को उपचुनाव होगा। निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को कार्यक्रम जारी कर दिया है। विधानसभा कोटे से खाली हुई सीट के लिए 26 नवंबर को अधिसूचना जारी की जाएगी।
सात दिसंबर तक अपनी दावेदारी वापस ले सकते हैं प्रत्याशी
16 दिसंबर तक सारी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। तीन दिसंबर तक नामांकन पत्र दाखिल किया जा सकेगा। चार दिसंबर को स्क्रूटनी की तारीख तय की गई है। प्रत्याशी सात दिसंबर तक अपनी दावेदारी वापस ले सकते हैं। जरूरत पड़ी तो 14 दिसंबर को मतदान होगा। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान का समय निर्धारित किया गया है। उसी दिन शाम पांच बजे के बाद मतों की गिनती होगी और नतीजे भी उसी दिन आ जाएंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री का इसी साल आठ अक्टूबर को निधन हो गया था। राजग में सीटों के तालमेल के तहत लोकसभा चुनाव के बाद उन्हें बिहार से राज्यसभा भेजा गया था।
दिल्ली में रामविलास पासवान ने तोड़ा था दम
बताते चलें कि नरेंद्र मोदी की सरकार में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री रहे राम विलास पासवान का इसी साल आठ अक्टूबर को निधन हो गया था। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के संस्थापक रामविलास ने 74 वर्ष की उम्र में दिल्ली में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली थी। लंबी बीमारी के बाद पासवान दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार पटना में राजकीय सम्मान के साथ किया गया था। रामविलास के निधन के बाद लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व चिराग पासवान बिहार विधानसभा चुनाव में अकेले चुनाव लड़े थे। चुनाव के दौरान चिराग ने जेडीयू और नीतीश कुमार का विरोध किया था। चुनाव परिणाम में चिराग भारी निराशा हाथ लगी थी। लोजपा को मात्र बेगूसराय की मटिहानी विधानसभा सीट पर जीत मिली थी।