अल्पावास गृह में किशोरी की आपबीती सुन बक्सर पुलिस रह गई सन्न, दरिंदों ने बार-बार लूटी अस्मत
बक्सर में बीते दिनों अपहरण की प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद बरामद की गई किशोरी के साथ हुई ज्यादती की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अल्पावास गृह में रह रही लड़की ने बताया कि कई बार उसकी अस्मत लूटी गई।
बक्सर, जागरण संवाददाता। महिला थाना के अल्पावास गृह में रह रही एक किशोरी ने अपने साथ पूर्व में दुष्कर्म किए जाने की बात कही। इससे अल्पावास गृह में हड़कंप मचा हुआ है। उसके साथ बार-बार इस तरह की जघन्य करतूत की गई। कई युवकों ने उसके साथ घिनौनी हरकत की। अब सात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि लापता किशोरी के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने उसे बरामद किया था।
एक युवक ने दिया दगा तो दूसरे के साथ एक महिला ने जोड़ा संबंध
घटना की पुष्टि करते महिला थानाध्यक्ष नीतू प्रिया ने बताया कि मामले में पीड़िता के बयान पर केस दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पूरे मामले की जानकारी देते महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि कुछ दिनोंं पूर्व सिकरौल थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी को गांव के ही एक युवक ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था। इसके बाद जब उस युवक की शादी कहीं अन्यत्र तय हो गई तब गांव की ही एक महिला ने दूसरे लड़के से उसका संबंध जोड़ दिया। वह भी शादी का झांसा देते हुए उसे लेकर कहीं चला गया। कुछ दिन साथ रहने के बाद उसने भी दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर किनारा कर लिया।
कई बार किशोरी की लूटी गई अस्मत
इस बीच किशोरी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद बीते आठ जुलाई को पुलिस ने उसे बरामद करने के बाद अल्पावास गृह भेज दिया था। जहां किशोरी ने अपने बयान में कई बार दुष्कर्म किए जाने की बात बताई। किशोरी के इस बयान से पुलिस वाले सकते में आ गए। आनन-फानन में महिला थाना में किशोरी के बयान पर केस दर्ज करने के साथ ही उसकी मेडििकल जांच कराने के बाद 164 के तहत बयान दर्ज करा लिया गया है। इस मामले में पीड़िता के बयान पर गांव के सात युवकों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पूरे दिन छापेमारी के बावजूद एक भी आरोपित पुलिस के हाथ नहीं लगा है।