शादीशुदा व्यवसायी ने प्रेमिका से कर ली शादी, 17 दिनों बाद ही जहर खाकर दे दी जान
एक व्यवसायी ने पहली पत्नी के रहते दूसरे शादी कर ली औऱ कुछ दिनों बाद ही जहर खाकर जान दे दी। अब पहली पत्नी ने दूसरी पत्नी पर संपत्ति हड़पने और फिर जान लेने का आरोप लगाया है।
भागलपुर, जेएनएन। एक बिजनेसमैन ने अपनी पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी कर ली और फिर जहर खाकर जान दे दी। अब उसकी पहली पत्नी ने अपनी सौतन पर पति से पैसे के लिए शादी करने का और फिर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। जिले के सबौर के बहादुरपुर गांव के 34 साल के व्यवसायी अभिमन्यु कुमार सिंह ने अपने ही गांव की प्रेमिका से शादी कर ली थी।
शादी के बाद ही उसने 17 दिन बाद ही जहर खा लिया। शनिवार की शाम इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में उसकी मौत हो गई। व्यवसायी की पहली पत्नी 24 साल की बांका के कैथा की सोनम भारती ने सौतन कंचन कुमारी पर पति की जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि संपत्ति की लालच में उसने मेरे पति से शादी की, फिर जहर खिलाकर उसकी जान ले ली।
अभिमन्यु कुमार सिंह एक दुकान चलाते थे, उसका दो जगह मकान है। जीरोमाइल स्थित घर में वे दूसरी पत्नी के साथ रहते थे। जबकि बहादुरपुर स्थित पुराने घर में उनकी पहली पत्नी व बच्चे रहते हैं। रविवार को बरारी पुलिस ने पहली पत्नी का बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया।
दारोगा रामसुमेर कुमार को दिए बयान में पहली पत्नी सोनम भारती ने कहा है कि कंचन ने संपत्ति हड़पने के लिए उसके पति को मार दिया। जबकि दूसरी पत्नी कंचन कुमारी ने कहा कि तनाव में आकर खुद उसके पति ने जहर खा लिया था। पहली पत्नी ने पुलिस को बताया कि 2014 में उसकी अभिमन्यु से शादी हुई थी। उसे पांच साल का एक बेटा है। उसके पति का पिछले दो साल से गांव की ही 30 साल की कंचन कुमारी उर्फ डॉली से गलत संबंध था।
11 फरवरी को पता चला कि दोनों ने बासुकीनाथ मंदिर में शादी कर ली है। फिर 28 फरवरी की सुबह पता चला कि उसके पति से कंचन कुमारी का विवाद हुआ है तथा उसने जहर खा लिया है। मायागंज अस्पताल में भर्ती हैं। 29 फरवरी की शाम 7 बजकर पचास मिनट पर उसके पति की मौत हो गई। पहली पत्नी ने अपने ससुर राणा प्रताप सिंह की मौजूदगी में पुलिस को बयान दिया है।
दूसरी पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने तनाव में आकर जहर खा लिया था। वह पति के लिए कफन लेकर जीरोमाइल थाना पहुंची तथा पुलिस अफसरों से कहा कि उसे पुलिस सुरक्षा दी जाए तथा कफन देने का हक मिले।