सिवान से पटना आ रही बस पिकअप से टकरा नहर में पलटी, कई यात्री घायल
सिवान में बुधवार को पिकअप से टकराकर एक यात्री बस पलट गई। हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिवान, जेएनएन। सिवान में बुधवार की दोपहर सिवान से पटना आ रही बस और पिकअप में जोरदार टक्कर हो गई। दो गाड़ियों के आमने-सामने टकराने के बाद बस बगल की सूखी नहर में जा गिरी। वहीं पिकअप के परखच्चे उड़ गए। घटना भगवानपुर हाट प्रखंड के सुघरी गांव के समीप SH-73 पर हुई।
हादसे के बाद बस के नहर में पलटने से अफरा-तफरी मच गई। बड़ी बात ये रही कि जिस नहर में बस पलटी वहां पानी सूख चुका था। दुर्घटना के तुरंत बाद बस में सवार यात्री और अन्य लोगों ने घायलों की मदद कर उन्हें नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। वहीं गाड़ी में बस चालक का पैर फंस गया। इससे वो बुरी तरह से घायल हो गया।
पिकअप के अनियंत्रित होने से हुई घटना
हादसे की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिस पहुंच गई। बताया जा रहा है कि बस पर सवार कई यात्रियों को आंशिक रूप से चोटें आई हैं। जन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया का अचानक पिकअप के अनियंत्रित हो गई और विपरीत दिशा में आ गई। जिससे हादसा हुआ।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप