बहन के सामने ही भाई को मार दी गोली, नालंदा के जख्मी युवक ने इलाज के दौरान पटना में तोड़ा दम
नगरनौसा के मोनीयमपुर में पूर्व के विवाद में 25 वर्षीय किसान दीपक कुमार को बदमाशों ने गोली मार दी। उसकी मौत इलाज के दौरान पटना के एक निजी अस्पताल में हो गई। शनिवार शाम उसके पेट में गोली मार दी गई थी।
नगरनौसा (नालंदा), संवाद सूत्र। नगरनौसा के मोनीयमपुर में पूर्व के विवाद में 25 वर्षीय किसान दीपक कुमार को बदमाशों ने गोली मार दी। उसकी मौत इलाज के दौरान पटना के एक निजी अस्पताल में हो गई। मृतक के पिता कारू यादव के बयान पर मोनीयमपुर के सात तथा खुसरुपुर थाना क्षेत्र के नूरदीनपुर के तीन बदमाशों को नामजद किया गया है। घटना के तत्कालिक कारणों में शराब पीने का विवाद सामने आ रहा है।
बहन के सामने ही भाई को मार दी गोली
कारू यादव ने पुलिस अधिकारी को बताया कि उनका पुत्र दीपक कुमार अपनी बहन को बाइक पर बैठाकर शनिवार की शाम करीब पांच बजे नगरनौसा से घर लौट रहा था। बलवा पर वह जैसे ही पहुंचा कि वहां पहले से खड़े बदमाशों से एक मोनीयमपुर निवासी मधु यादव ने दीपक के गले में गमछा डाल रोक लिया। इसके बाद उसके भाई धर्मवीर यादव ने पेट में गोली मार दी। गोली मारने के बाद वे लोग फरार हो गए। जख्मी दीपक को टेंपो से नगरनौसा अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया। पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां रविवार सुबह करीब पांच बजे दीपक ने दम तोड़ दिया।
50 राउंड से अधिक हुई फायरिंग
कारू यादव ने पुलिस अधिकारी को बताया कि दीपक को गोली मारने के बाद बदमाशों ने भय पैदा करने के लिए 50 चक्र गोलियां भी चलाई। इधर, ग्रामीणों का दावा है कि सौ चक्र से अधिक गोलियां दागी गई। घटना के पीछे युवकों का शराब पीने का विवाद बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि कुछ युवक एक ही जगह बैठ कर शराब पी रहे थे। उसी में बड़बोलेपन के कारण विवाद हो गया। लोग दो गुट में बंट गए और फायरिंग शुरू हो गई। नगरनौसा के थानाध्यक्ष नारद मुनी ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।