देवर ने दोस्त के साथ मिलकर भाभी से किया सामूहिक दुष्कर्म, बच्ची से मुंह काला करने का प्रयास Patna News
पटना में दोस्त के साथ मिलकर देवर ने भाभी से सामूहिक दुष्कर्म कर दिया। एक दूसरी वारदात में किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया।
पटना, जेएनएन। बिहार की राजधानी में महिलाओं पर मनचलों की बुरी नजर है। यहां एक बार फिर रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। मंगलवार की सुबह मोकामा के पंचमहला ओपी में 12 वर्षीय किशोरी के साथ दो लोगों ने मुंह काला करने का प्रयास किया गया। अभी पुलिस मामले की जांच ही कर रही थी कि मनेर थाना क्षेत्र के एक टोला में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आ गया। दूसरी घटना सोमवार की रात हुई।
महिला घर में सोई थी तभी रिश्ते के देवर व उसके दोस्त ने सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला ने जब शोर मचाना चाहा तो आरोपितों ने उसके गले को रस्सी से दबाकर कहा कि किसी से कुछ बोला तो जान से मार देंगे। पीड़ित महिला ने स्वर्गीय लड्ड राय के 33 वर्षीय पुत्र रमधीर राय व शेरपुर निवासी पांचू राय के 23 वर्षीय पुत्र बिट्ट राय पर गलत काम करने का आरोप लगाते हुए मनेर थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है।
पीड़िता ने बताया कि वह अपने आठ माह के बच्चे के साथ कमरे में सो रही थी। तभी रमधीर राय व बिटू राय आधी रात के बाद उसके कमरे में घुस गए। मुंह को गमछे से बांधकर बारी-बारी से गलत काम किया। महिला ने बताया कि उसका पति पुणो में काम करता है। बदमाशों के जाने के बाद उसने इस बात की जानकारी दूसरे कमरे में सो रही सास को दी। जब सास ने हल्ला- हंगामा किया तो बिट्ट राय आकर गाली-गलौज करने लगा और जान से मार देने की धमकी दी। दो माह पहले भी बिट्ट ने उनलोगों के साथ मारपीट की थी। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। सीआरपीसी की धारा 164 के बयान के लिए उसे न्यायालय भेजा गया है। न्यायालय के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किशोरी पर पड़ोसी की गंदी नजर
पंचमहला ओपी क्षेत्र में मंगलवार को किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। वारदात मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे हुई। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। 15 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र के पकड़िया टोला निवासी मुंद्रिका रजक का पुत्र विशाल कुमार उर्फ सिंटू बहला-फुसलाकर उसे सुधा डेयरी प्लांट के निकट ले गया। थोड़ी देर बाद वहां बाहापर गांव का विंदेश्वर मिस्त्री का पुत्र पंकज कुमार भी आया।
वे दोनों मुझे गलत नीयत से झाड़ी में ले जाने का प्रयास करने लगे। तभी शोर मचाने पर उसी परिसर में अवस्थित पचमहला ओपी के जवान दौड़े। घेराबंदी कर विशाल को दबोच लिया। बाद में पंकज को भी गिरफ्तार किया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि विशाल से पूर्व से जान पहचान है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की तहकीकात कर रही है। फिलहाल मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।