ननिहाल गए शेखपुरा के मासूम की नवादा में हत्या, शाम में हो गया था अपहरण, एक महिला हिरासत में
शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र के तेलडीह गांव निवासी राकेश कुमार के तीन वर्षीय पुत्र आलोक कुमार का अपहरण कर हैवानों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। उसका शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। एक महिला से पूछताछ की जा रही है।
शेखपुरा, जागरण संवाददाता। शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र के तेलडीह गांव निवासी राकेश कुमार के तीन वर्षीय पुत्र आलोक कुमार का अपहरण कर हैवानों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। उसका शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। ननिहाल की एक महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उसके घर से एक कट्टा भी बरामद किया गया है। इधर सनसनीखेज वारदात से लोग सकते में हैं। लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि इस मासूम से किसी को क्या दुश्मनी हो सकती है। मासूम के स्वजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया है।
चार दिन पहले नानी घर गया था आलोक
बताया जाता है कि बच्चा चार दिन पहले अपनी मां के साथ ननिहाल नवादा जिल के काशीचक थाना क्षेत्र के भट्टा गांव गया था। वहां गुरुवार शाम करीब तीन वह लापता हो गया। स्वजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। उसके नाना सौखी महतो के मोबाइल पर काल आया कि बच्चे का अपहरण कर लिया गया है। इसके बाद नवादा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस ने गांव पहुंचकर छानबीन शुरू की। इधर ननिहाल के लेाग भी उसकी तलाश में थे। देर रात करीब 11 बजे एक घर के पीछे से आलोक का शव बरामद किया गया। इसके बाद सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला के घर से मिला कट्टा
छानबीन के क्रम में पुलिस ने जिस घर के पीछे से बच्चे का शव बरामद किया, उस घर में जांच-पड़ताल की। घर से पुलिस ने देसी कट्टा बरामद किया। इसके बाद एक महिला को हिरासत में लिया गया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस हत्या में उसकी भूमिका है या नहीं। पुलिस उस मोबाइल नंबर को ट्रेस करने में जुटी है जिससे कॉल आया था। आशंका है कि गला दबाकर बच्चे की हत्या की गई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्प्ष्ट होगी।