AK- 47 लहराने वाले दोनों अपराधियों को नहीं मिली जमानत, वीडियो वायरल के बाद हुई थी गिरफ्तारी
AK- 47 लहराने वाले दोनों अपराधियों को नहीं मिली जमानत। चंदन और विक्की का एके 47 राइफल लहराते हुए पिछले दिनों वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद दोनों की गिरफ्तारी हुई थी।
पटना, जेएनएन। बाहुबली विधायक अनंत सिंह के दुश्मन नंबर वन हैं विवेका पहलवान। उसी विवेका पहलवान के घर बाढ़ के दो अपराधी चंदन और विक्की ने एके 47 के साथ वीडियो बनाया था और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इसमें वे दोनों एके 47 लहराते नजर आ रहे थे। उन दोनों अपराधियों को पुलिस ने पिछले दिनों गिरफ्तार किया था। शनिवार को बाढ़ कोर्ट ने दोनों अपराधियों की जमानत याचिका खारिज कर दी। बता दें कि दोनों को इसी माह के पहले पखवारे में गिरफ्तार किया गया था।
गौरतलब है कि बाहुबली विधायक अनंत सिंह के दुश्मन विवेका पहलवान के भतीजे कर्मवीर यादव का भी AK-47 राइफल लिये एक वीडियो पिछले दिनों वायरल हुआ था। बाद में पता चला कि वह वायरल वीडियो विवेका पहलवान के घर का है। उस वीडियो में कर्मवीर के अलावा अन्य दो युवक भी देखे गए। मीडिया में जब बात आई तो कहा गया कि वह प्लास्टिक का है।
पटना पुलिस ने वीडियो को गंभीरता से लिया और इसी को लेकर बाढ़ स्थित विवेका पहलवान के घर पर छापेमारी की गई थी। हालांकि विवेका पहलवान का भतीजा कर्मवीर वहां नहीं मिला। वहीं पुलिस इस मामले में अन्य आरोपी चंदन और विक्की की तलाश में बाढ थाने के ही फुलेल पुर गांव में भी छापेमारी की, पर पुलिस की पकड़ में कोई नहीं आया। बाद में चंदन और विक्की को पुलिस ने मोकामा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। वे दोनों भागने की तैयारी में थे। गिरफ्तार चंदन और विक्की को शनिवार को बाढ़ कोर्ट में पेश किया गया। लेकिन बाढ़ कोर्ट ने दाेनों अपराधियों की जमानत याचिका खारिज कर दी।