आरा में पंखे की कुंडी में लटका मिला 10वीं के छात्र का शव, हत्या का आरोप लगा हंगामा कर रहे लोग
Crime in Ara भोजपुर जिले के आरा में शुक्रवार की सुबह पंखे से लटके हालत में एक छात्र का शव बरामद किया गया। घटना आरा नवादा थाना क्षेत्र के अनाईठ मठिया मुहल्ला की हैं। मृतक निक्की मूल रूप से संदेश थाना के डिहरी गांव निवासी दिनेश सिंह का पुत्र था।
आरा, जागरण संवाददाता। Crime in Ara: भोजपुर जिले के आरा में शुक्रवार की सुबह पंखे से लटके हालत में एक छात्र का शव बरामद किया गया। जिसके बाद सनसनी फैल गई। घटना आरा नवादा थाना क्षेत्र के अनाईठ मठिया मुहल्ला की हैं। मृतक 14 वर्षीय निक्की कुमार मूल रूप से संदेश थाना के डिहरी गांव निवासी दिनेश सिंह का पुत्र था। दसवीं कक्षा में पढ़ता था। स्वजन हत्या किए जाने का आरोप लगाकर हंगामा कर रहे हैं। नवादा इंस्पेक्टर संजीव कुमार मौके पर पहुंच कर छानबीन कर रहे है। मृतक के गर्दन में मफलर बंधा हुआ पाया गया है। पुलिस शुरुआती जांच में खुदकुशी मानकर जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक शव घर में ही था। इधर, वारदात के बाद गुस्साये लोगों ने पूर्वी गुमटी- जीरो माइल रोड को अनाईठ मठिया के समीप जाम कर दिया है।
तीन महीने से आरा में रहकर पढ़ाई करता था निक्की
संदेश थाना के डिहरी गांव निवासी दिनेश सिंह का पुत्र निक्की करीब तीन महीने से आरा शहर के अनाईठ मठिया स्थित एक मकान में किराए पर कमरा लेकर पढ़ाई करता था। गुरूवार की रात अकेले था। इस दौरान रात्रि पहर संदेहास्पद स्थिति में उसकी मौत हो गई। शव कमरे के पंखे की कुंडी से लटक रहा था। गर्दन में मफलर बंधा हुआ था।
बड़े भाई के आने के बाद हो सकी मरने की जानकारी
बताया जाता हैं कि मृतक का बड़ा भाई चिक्की गुरुवार को गांव पर था। शुक्रवार की सुबह अनाईठ आवास पर आया तो उसने छोटे भाई के शव को कमरे में पंखे से लटकते देखा। बाद में हो-हल्ला होने पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर नवादा इंस्पेक्टर संजीव कुमार सशस्त्र बल के साथ पहुंच गए। शव को पंखे की कुंडी से हटाकर नीचे उतारा गया। मृतक के भाई विक्की कुमार ने बताया कि वह दो दिनों से गांव पर था। शुक्रवार की सुबह आवास पर आया तो दरवाजा बंद था। आवाज देने पर भी नहीं खुला। इससे उसे शक हुआ। खिड़की से देखने पर उसे पूरे मामले का पता चला।