बिहार में हत्याओं का रविवार: सहरसा में डबल मर्डर, कटिहार में युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या
बिहार में रविवार को हत्या व दुष्कर्म की कई वारदातें प्रकाश में आईं। इससे कानून व्यवस्था का सवाल खड़ा हो गया है। इन घटनाओं की पूरी जानकारी के लिए पढ़ें यह खबर।
पटना [जागरण टीम]। बिहार में रविवार को हत्याओं की सुबह हुई। सहरसा के सलखुआ थाना क्षेत्र में दो लोगों को भून डाला गया तो वैशाली में भतीजे ने चाचा को चाकूओं से गोद डाला। उधर, कटिहार में एक युवती व एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या कर दी गयी। इन घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कद दिए हैं।
सहरसा: नाव परिचालन के विवाद में नाविक को भून डाला
सहासा के सलखुआ थाना स्थित करहरा घाट इलाके में कोसी नदी में नाव परिचालन के विवाद में एक नाविक की हत्या कर दी गई। वहां सुभाष यादव और विपिन यादव के बीच नाव परिचालन को लेकर हुए विवाद के कारण शनिवार की देर रात सुभाष यादव के पुत्र मौसम यादम की हत्या करने पहुंचे करीब दो दर्जन अपराधियों ने सुप्तावस्था में सुभाष के नाव के नाविक भूल्लू चौधरी की गोली मार कर हत्या कर दी।
सहरसा: युवक को सुप्तावस्था में मार दी गोली, मौत
सहरसा के सलखुआ थाना स्थित अलानी पंचायत के बगुलवा टोला में भी भी एक हत्या हुई। वहां समस्तीपुर के दलसिंहसराय के निवासी युवक देवेंद्र राय की गोली मार कर हत्या कर दी गई। देवेंद्र बगुलवा टोला में अपनी जमीन पर रखकर खेती करता था। अपराधियों ने उसे भी सुप्तावस्था में गोली मार दी।
वैशाली: भतीजे ने चाचा को चाकू से गोद कर मारा
वैशाली के बेलसर ओपी क्षेत्र के मुजा पकड़ी गांव में कद्दू काट लेने के विवाद में भतीजा ने चाचा को चाकू से गोद कर मार डाला। मृतक की पहचान गांव के ही शकूर मियां के पुत्र मो. शाहिद के रूप में की गई है। उधर, वैशाली के ही जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर पूर्वी पंचायत के दियारा में हत्या कर फेंकी एक अज्ञात लड़की का शव मिला।
वैशाली: युवती की हत्या कर फेंका गया शव बरामद
वैशाली थाना क्षेत्र के भगवानपुर रत्ती गांव निवासी नीरज कुमार की पत्नी पूजा देवी की हत्या अज्ञात अपराधियों ने कर दी। पूजा का शव उसके ननिहाल वालों ने राजापाकर थाना क्षेत्र से बरामद किया। वह अपने ननिहाल में रहती थी।
कटिहार: महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या, लड़की से भी गंदा काम
कटिहार के कोढा थाना क्षेत्र में दुष्कर्म बाद महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद दरिंदों ने शव को खेत में फेंक दिया। कटिहार के कोढा थाना क्षेत्र के ही एक गांव में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।