दिल्ली के बाद अब बिहार पर नजर, निकाय चुनाव में जीत दुहराने की तैयारी में BJP
दिल्ली नगर निगम चुनाव में जीत के बाद भाजपा बिहार में भी इस जीत को दुहराना चाहती है। अागामी निकाय चुनाव को लेकर पार्टी ने कमर कस ली है।
पटना [जेएनएन]। दिल्ली नगर निगम चुनाव में जीत ने बिहार भाजपा में भी नई ऊर्जा का संचार किया है। पार्टी की हैट्रिक जीत से उत्साहित धुरंधरों ने अब बिहार के 101 नगर निकायों में 21 मई को होने वाले चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी है। यह बात दीगर है कि बिहार में नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं होने है, लेकिन अपने समर्थित उम्मीदवारों को जिताने के लिए भाजपा नेताओं ने रात-दिन एक कर दिया है।
अपरोक्ष रूप से पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को वोट दिलाने के लिए भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी से लेकर सांसद, विधायक, एमएलसी के साथ कार्यकर्ता तक जिलों में कूच कर गए हैं। पार्टी ने ऐसे धुरंधरों को मतदान के दिन मतदाताओं को बूथ पर जाने के लिए प्रेरित करने से लेकर प्रचार अभियान को सफल बनाने तक की जिम्मेदारी सौंपी है। स्थानीय नेतृत्व को जमीनी स्तर पर जीत के ताने-बाने बुनने में लगाया गया है।
मध्यप्रदेश, ओडि़शा, हरियाणा और महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में पार्टी की शानदार जीत, फिर पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में चार प्रदेशों पर कब्जा और अब दिल्ली नगर निकाय चुनाव में परचम लहराने के बाद भाजपाइयों ने बिहार में पार्टी का झंडा बुलंद करने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि भाजपा बिहार नगर निकाय चुनाव में भी विजय रथ को सरपट दौड़ाने का रिकॉर्ड कायम रखे। पार्टी के रणनीतिकारों ने बाकायदा इसपर काम शुरू कर दिया है।
दरअसल, वर्तमान में 101 नगर निकायों में जहां 21 मई को वोटिंग हैं, के 70 फीसद से ज्यादा मुख्य पार्षद, अध्यक्ष और महापौर सीधे तौर पर भाजपा जुड़े हैं। इससे भी भाजपा में उत्साह का माहौल है।