बिहार के भाजपा नेता बोले-यूपी चुनाव में हमें किसी की जरूरत नहीं, अकेले दम पर जीतेंगे 304 सीटें
विधान परिषद में भाजपा के उपनेता प्रो नवल किशोर यादव (Prof Nawal Kishor Yadav) ने कहा है कि यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Elections 2022) में भाजपा को किसी दल की जरूरत नहीं है। इस दौरान उन्होंंने जदयू से गठबंधन पर भी अपनी बातें रखीं।
पटना, आनलाइन डेस्क। विधान परिषद में भाजपा के उपनेता प्रो: नवल किशोर यादव (Prof Nawal Kishor Yadav) ने कहा है कि यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Elections 2022) में भाजपा को किसी दल की जरूरत नहीं है। किसी के साथ नहीं थे तो 303 सीटें जीतकर आए थे। इस बार एक ज्यादा 304 सीटें जीतेंगे। जदयू से गठबंधन की बाबत उन्होंने कहा कि हमारा गठबंधन बिहार में है, पूरे देश में नहीं। सबको स्वतंत्रता है चुनाव लड़ने की। इस दौरान उन्होंने वीआइपी प्रमुख मुकेश सहनी (Minister Mukesh Sahani) को भी हद में रहने की नसीहत दे दी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) पर भी उन्होंने तंज कसा।
कहने से पहाड़ नहींं गिरता, डायनामाइट लगाना पड़ता है
एक चैनल से बात करते हुए प्रो. यादव ने मुकेश सहनी के बड़े दलों को घुटने पर लाने के बयानों पर कहा कि किसी के कहने से क्या होता है। कहने से पहाड़ गिर जाता तो डायनामाइट थोड़े लगाना पड़ता। हर आदमी को चुनाव लड़ने का अधिकार है। लड़ें और आजमाइश करें। अखाड़ा में गए नहीं और दारा सिंह से बड़े पहलवान बन गए, यह पता चलने लगा है। पहले गोता लगा लें तब पता चल जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हमने किसी को आमंत्रण नहीं दिया। किसी से हमने साथ नहीं मांगा था। मुकेश सहनी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वे साथ आए थे तो हैं। तंज कसते हुए उपनेता ने कहा कि चार आना उनका है और हमारे दो रुपया। आप हमारे दो रुपये में हिस्सेदारी मांगिएगा। अपना हिस्सा ही न मांगिएगा।
तेजस्वी पर उपनेता ने कही ये बात
बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष की सपा के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पर भी प्रो. यादव ने चुटकी ली। कहा कि अपने अपने घर में काम ही नहीं चल रहा और जाते हैं अखिलेश की मदद करने। जाएं, वहीं सोए रहें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गृह मंत्री अमित शाह की संगठनात्मक क्षमता और याेगी जी के कार्यों की बदौलत 304 सीटें जीतेंगे।